OMC Stocks: तेल बेचने वाली सरकारी कंपनियों पर वैश्विक ब्रोकरेज फर्म गोल्डमैन सैक्स (Goldman Sachs) के पॉजिटिव रुझान पर इनके शेयरों की चमक बढ़ी है। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) और इंडियन ऑयल (Indian Oil) के शेयरों में आज अच्छी तेजी दिखी। दिन के आखिरी में आज हिंदुस्तान पेट्रोलियम के शेयर बीएसई पर 2.17 फीसदी की तेजी के साथ 359.60 रुपये, भारत पेट्रोलियम 0.07 फीसदी के उछाल के साथ 273.30 रुपये और इंडियन ऑयल के शेयर 0.93 फीसदी चढ़कर 130.35 रुपये पर बंद हुए हैं। इंट्रा-डे में इनमें 3 फीसदी तक की तेजी आई थी।
आखिर HP, BP और Indian Oil पर क्यों है ब्रोकरेज बुलिश?
विदेशी ब्रोकरेज गोल्डमैन को उम्मीद है कि एचपी, बीपी और इंडियन ऑयल के लिए चौथी तिमाही मजबूत रहने वाली है। मार्च तिमाही के नतीजे पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का पॉजिटिव असर दिखेगा जो कमजोर रुपये, कम रिफाइनिंग मार्जिन और निरंतर एलपीजी घाटे की भरपाई करेगी। गोल्डमैन का कहना है कि इस तिमाही के नतीजे में इन बातों पर नजर रहेगी कि सरकार से एलपीजी सब्सिडी कितना और कब तक मिलने की उम्मीद है, कच्चे तेल पर छूट के साथ-साथ कैपेक्स के अपडेटेड गाइडेंस और अहम प्रोजेक्ट्स पर कितना काम हुआ है।
निवेश के लिए क्या है टारगेट प्राइस?
गोल्डमैन ने तीनों ही सरकारी तेल कंपनियों को पहले ही खरीदारी की रेटिंग दी है। इसमें से हिंदुस्तान पेट्रोलियम का टारगेट प्राइस 400 रुपये और भारत पेट्रोलियम का 360 रुपये फिक्स किया है। ये टारगेट प्राइस इनके मौजूदा प्राइस लेवल से 27 फीसदी तक अपसाइड है। वहीं इंडियन ऑयल का 120 रुपये टारगेट प्राइस पहले ही अचीव हो चुका है। इन्हें कवर करने वाले 34 एनालिस्ट्स में से 21 ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम को, 23 ने भारत पेट्रोलियम को और 20 ने इंडियन ऑयल खरीदारी की रेटिंग दी है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।