पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीज (Paras Defence) क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशंस प्लेसमेंट (QIP) के जरिए फंड जुटाएगी। कंपनी के बोर्ड ने आज 27 अगस्त को अपनी बैठक में इस प्रस्वाव को मंजूरी दे दी। कंपनी का इरादा QIP के जरिए 200 करोड़ रुपये जुटाने का है। इस खबर के बीच आज कंपनी के शेयरों में खरीदारी देखी गई। यह स्टॉक BSE पर 0.90 फीसदी की बढ़त के साथ 1279.55 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। कंपनी का मार्केट कैप 4990.25 करोड़ रुपये हो गया है।
Paras Defence QIP से जुड़ी डिटेल
22 अगस्त को हुई पिछली बैठक में पारस डिफेंस के बोर्ड ने फंड जुटाने के प्रस्ताव पर विचार किया था। कंपनी ने यह नहीं बताया है कि क्यूआईपी कब लॉन्च किया जाएगा। कंपनी ने इक्विटी शेयरों या किसी अन्य कनवर्टिबल सिक्योरिटीज की प्राइवेट या पब्लिक ऑफरिंग जैसे अन्य तरीकों से धन जुटाने के विकल्प भी खुले रखे हैं। फंड जुटाने की प्रक्रिया एक या अधिक किस्तों में हो सकती है।
बता दें कि पारस डिफेंस का आईपीओ भारत के सबसे अधिक सब्सक्राइब किए गए इश्यू में से एक है। पारस डिफेंस ने हाल ही में एक्सचेंजों को सूचित किया था कि कंपनी को नवी मुंबई में इंडस्ट्रियल यूनिट स्थापित करने के लिए लाइसेंस मिल गया है।
Paras Defence ने 6 महीने में दिया 73% रिटर्न
पारस डिफेंस के शेयरों का 52-वीक हाई 1592.75 रुपये और 52-वीक लो 608.75 रुपये है। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में 3 फीसदी की गिरावट आई है। हालांकि, पिछले 6 महीने में इसने 73 परसेंट का शानदार रिटर्न दिया है। इस साल अब तक कंपनी के शेयर 69 फीसदी भाग चुके हैं। पिछले एक साल में इसने 75 फीसदी का रिटर्न दिया है। पिछले दो साल में इसके निवेशकों को करीब 100 फीसदी का मुनाफा हुआ है।