Paytm Share Price: पेटीएम के शेयरों में मंगलवार 18 जून को कारोबार के दौरान तीन बड़े ब्लॉक डील हुए। इसके चलते इसका शेयर दबाव में आ गया। इन डील के जरिए कंपनी के करीब 72.5 लाख शेयरों का लेनदेन हुआ, जो इसकी 1.1 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है। मनीकंट्रोल इस डील में शेयर बेचने या खरीदने वाले के नाम की तुरंत पहचान नहीं कर सका। इन डील के बाद कंपनी के शेयर लुढ़ककर लाल निशान में आ गए। यह लगातार दूसरा दिन है, जब पेटीएम के शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। इस साल अब तक पेटीएम के शेयरों में करीब 35 फीसदी की गिरावट आ चुकी है। वहीं पिछले एक साल में इसके शेयरों का भाव 50 फीसदी गिरा है।
