Paytm Shares: पेटीएम के शेयरों ने आज 20 फरवरी को 5 प्रतिशत के उछाल के साथ अपनी अपर सर्किट सीमा को छू लिया। कंपनी के शेयरों में यह तेजी उसके फाउंडर और सीईओ विजय शेखर शर्मा (Vijay Shekhar Sharma) की ओर से एक आश्वासन दिए जाने के बाद आया है। विजय शेखर शर्मा ने कहा कि कंपनी की क्यूआर कोड (Paytm QR Code) और साउंडबॉक्स सुविधाएं RBI की ओर से तय 15 मार्च की समयसीमा के बाद भी काम करेंगी।
शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “पेटीएम QR, साउंडबॉक्स और EDC (कार्ड मशीन) 15 मार्च के बाद भी हमेशा की तरह काम करते रहेंगे। RBI की ओर से जारी हालिया FAQ का प्वाइंट 21 इसे साफ तौर से स्पष्ट करता है। किसी भी अफवाह में न पड़ें और न ही किसी को डिजिटल इंडिया का समर्थन करने से रोकें।"
RBI ने साफ किया था कि पेटीएम QR या साउंडबॉक्स का इस्तेमाल करने वाले वे मर्चेंट्स, जिनके खाते दूसरे बैंक अकाउंट से लिंक हैं, वे 15 मार्च के बाद भी इन डिवाइसों का इस्तेमाल कर सकते हैं। पेटीएम का कहना है कि इन डिवाइसों के करीब 80 प्रतिशत यूजर्स, मर्चेंट्स हैं।
इस पेटीएम के शेयर आज नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर शुरुआती कारोबार पर 376 रुपये के ऊपरी सर्किट पर कारोबार कर रहे थे। इस साल अब तक स्टॉक में 41 फीसदी की गिरावट आ चुकी है।
इस बीच ब्रोकरेज फर्म जेफरीज इंडिया ने पेटीएम पर अपनी रेटिंग को तब तक के लिए सस्पेंड कर दिया है, जब तक कि कंपनी को लेकर नियामक कार्रवाइयों से लड़ने से जुड़ी "खबरों का प्रवाह आना शांत नहीं हो जाता"। ब्रोकरेज ने कहा कि यह 'अंडरपरफॉर्म' से 'नॉट रेटेड' की कैटेगरी में आ गया है और अब वित्त वर्ष 2025 के दौरान उसके रेवेन्यू में सालाना आधार पर 28 प्रतिशत की गिरावट देखी जा रही है, जो पेटीएम को नकदी संकट में धकेल रही है।
जेफरीज ने रेवेन्यू में कटौती का कारण RBI के निर्देशों के प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष असर को बताया है। RBI ने अपने FAQ में पेटीएम पेमेंट्स बैंक के कारोबार (डिपॉजिट अकाउंट, वॉलेट आदि) के बंद होने की बात दोहराई है, लेकिन पेटीएम पेमेंट्स बैंक के बाहर के प्लेटफॉर्म (पेटीएम ऐप, यूपीआई ट्रांसफर, मर्चेंट्स पेमेंट्स और लोन) जारी रह सकते हैं।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।