Bonus Issue: रियल एस्टेट कंपनी केबीसी ग्लोबल के शेयर एक रुपये के आस-पास है और अब अपने निवेशकों को यह 1:1 के रेश्यो में बोनस शेयर का तोहफा देने जा रही है यानी कि हर शेयर पर एक शेयर फ्री में मिलेंगे। पहले इसकी रिकॉर्ड डेट 28 मार्च फिक्स की गई थी लेकिन फिर इसे बढ़ाकर 4 अप्रैल कर दिया गया। टी+1 सेटलमेंट सिस्टम के चलते इस बोनस के ऐलान का फायदा तभी मिलेगा, जब इसके शेयर आपके पोर्टफोलियो में हों और अगर नहीं हैं तो आज 3 अप्रैल को खरीदने पर फायदा मिलेगा यानी कि इस ऐलान का फायदा उठाने के लिए आज खरीदारी का आखिरी मौका है। फिलहाल यह शेयर बीएसई पर 1.01 रुपये के भाव (2 अप्रैल को क्लोजिंग प्राइस) है।
पहले भी KBC Global बांट चुकी है बोनस में शेयर
केबीसी ग्लोबल के शेयर इतने कम भाव पर इसलिए हैं क्योंकि इसमें दो बार स्टॉक स्प्लिट हो चुका है और एक बार बोनस इश्यू जारी हो चुका है। बता दें कि स्टॉक स्प्लिट और बोनस इश्यू के बाद पोर्टफोलियो में शेयरों की संख्या बढ़ती है लेकिन वैल्यू वही रहती है क्योंकि शेयरों का भाव एडजस्ट किया जाता है। पहले स्प्लिट की बात करें तो 8 मई 2020 को कंपनी ने 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले शेयरों को 2 रुपये की फेस वैल्यू में यानी 1:5 के रेश्यो में तोड़ने का ऐलान किया था जिसकी रिकॉर्ड डेट 2 जुलाई 2020 थी। इसके बाद 31 मई 2021 को कंपनी ने 2 रुपये की फेस वैल्यू वाले शेयरों को 1 रुपये की फेस वैल्यू वाले शेयरों में तोड़ने का ऐलान किया जिसका रिकॉर्ड डेट 12 अगस्त 2021 थी। अब बोनस इश्यू की बात करें तो 14 जुलाई 2021 को कंपनी ने 4:1 के रेश्यो में बोनस इश्यू का ऐलान किया था जिसकी रिकॉर्ड डेट 12 अगस्त 2021 थी। कंपनी ने फिर 1:1 के रेश्यो में बोनस इश्यू का ऐलान किया है जिसकी रिकॉर्ड डेट 4 अप्रैल है।
कंपनी का ऑर्डरबुक 260 करोड़ रुपये का है और इसका मार्केट कैप 263 करोड़ रुपये है। 22 मार्च 2025 को बोर्ड की एक्स्ट्रा ऑर्डिनरी जनरल मीटिंग में ऑथराइज्ड कैपिटल को बढ़ाने और केबीसी ग्लोबल के नाम को बदलकर Dharan Infra-EPC करने या जिस नाम को रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज को हरी झंडी दे, उसे करने की मंजूरी मिल गई। वित्तीय सेहत की बात करें तो दिसंबर तिमाही में सालाना आधार पर कंपनी का स्टैंडएलोन लॉस 29.88 करोड़ रुपये से घटकर 20.76 करोड़ रुपये पर आ गया। हालांकि इस दौरान रेवेन्यू भी 91 फीसदी गिरकर 1.09 करोड़ रुपये पर आ गया।