सोमवार 23 अक्टूबर को प्लाजा वायर्स (Plaza Wires) के शेयर में अच्छी तेजी देखी गई और यह अपर सर्किट को हिट कर गया। कंपनी का शेयर सुबह बीएसई पर बढ़त के साथ 112.80 रुपये पर खुला। फिर पिछले बंद भाव 107.49 रुपये से 5 प्रतिशत की मजबूती दर्ज करते हुए 112.86 रुपये के मार्क पर पहुंच गया और अपर सर्किट लग गया। यह लिस्टिंग के बाद से शेयर का बीएसई पर अब तक का रिकॉर्ड हाई है। वहीं रिकॉर्ड लो 75 रुपये है। एनएसई पर शेयर 112.70 रुपये पर खुला। फिर पिछले बंद भाव 107.35 रुपये से करीब 5 प्रतिशत चढ़कर 112.70 रुपये तक गया। एनएसई पर शेयर का अब तक का रिकॉर्ड हाई 112.70 रुपये और रिकॉर्ड लो 75.70 रुपये है।
कंपनी Plaza Cables, Action Wires और PCG ब्रांड्स के तहत वायर्स, LT एल्यूमीनियम केबल्स FMEG प्रोडक्ट्स बनाती और बेचती है। इसकी यूनिट हिमाचल प्रदेश के बद्दी में है, जिसकी सालाना क्षमता 1,200,000 कॉइल्स की है।
12 अक्टूबर को हुई थी लिस्ट
प्लाजा वायर्स की शेयर बाजार में लिस्टिंग 12 अक्टूबर को हुई थी। तब से लेकर अब तक केवल 7 ट्रेडिंग सेशन में शेयर 40.5 प्रतिशत से भी चढ़ चुका है। वहीं अपने IPO प्राइस 54 रुपये से यह 109 प्रतिशत उछल चुका है। प्लाजा वायर्स की शेयर बाजारों में शुरुआत 55 प्रतिशत के प्रीमियम पर हुई थी। कंपनी का 71.28 करोड़ रुपये का IPO 29 सितंबर-5 अक्टूबर तक खुला था और 161 गुना सब्सक्राइब हुआ था।
एक्सपर्ट्स का मानना है कि लिस्टिंग के बाद उचित वैल्यूएशन और सेक्टर में लार्ज और स्मॉल-कैप कंपनियों के बीच परफॉरमेंस अंतर के कारण प्लाजा वायर्स के शेयरों में लगातार वृद्धि हुई। Mehta Equities Ltd में सीनियर वीपी रिसर्च एनालिस्ट प्रशांत तापसे का मानना है कि वायर और केबल सेगमेंट को सरकार की इंफ्रास्ट्रक्चर फोकस्ड पहल और विस्तार योजनाओं से लाभ होगा। उन्होंने मिड और स्मॉल-कैप शेयरों की उच्च विकास क्षमता को देखते हुए ऐसे शेयरों को प्राथमिकता देते हुए 50 प्रतिशत होल्डिंग बुक करने की सलाह दी है। शेष को मीडियम से लॉन्ग टर्म गेन के लिए बनाए रखने की सलाह है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।