Poonawalla Fincorp Shares: घरेलू मार्केट में बिकवाली के माहौल में आज पूनावाला फिनकॉर्प के शेयरों में एक और वजह से गिरावट आई। कंपनी के चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर (CTO) धीरज सक्सेना ने उत्पीड़न के आरोपों पर इस्तीफा दिया तो निवेशक घबरा गए और धड़ाधड़ शेयर बेचने लगे। इस वजह से शेयर 3.27 फीसदी फिसलकर 341.75 रुपये के भाव तक आ गए। फिलहाल बीएसई पर यह 1.47 फीसदी की गिरावट के साथ 348.10 रुपये के भाव पर है। अब धीरज सक्सेना की बात करें तो अपने पद से उन्होंने इस्तीफा सितंबर में ही दे दिया था और अब उनका नोटिस पीरियड भी पूरा हो गया है।
Poonawalla Fincorp के सीटीओ ने क्यों दिया इस्तीफा?
पूनावाला फिनकॉर्प के चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर धीरज सक्सेना ने चीफ एचआर ऑफिसर हर्ष कुमार के खिलाफ उत्पीड़न का आरोप लगाया है और अपने पद से इस्तीफा दे दिया। कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में जानकारी दी कि कंपनी में उनका कार्यकाल 3 दिसंबर 2024 को ही खत्म हो गया। 6 सितंबर की तारीख में उन्होंने जो इस्तीफा भेजा है, उसमें धीरज सक्सेना ने हर्ष कुमार पर उत्पीड़न और गैरजरूरी हस्तक्षेप का आरोप लगाया है। धीरज का कहना है कि इस वजह से आईटी के काम में दिक्कतें आई और आईटी टीम में माहौल भी खराब होता था।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?
इस साल की शुरुआत में पूनावाला फिनकॉर्प का शेयर 19 जनवरी 2024 को यह 519.95 रुपये पर था जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई है। इस रिकॉर्ड हाई से 9 महीने में यह 48 फीसदी टूटकर 28 अक्टूबर 2024 को 519.95 रुपये के भाव पर आ गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। हालांकि शेयरों की गिरावट यहीं थम गई। इस लेवल से अब तक यह करीब 29 फीसदी रिकवर हो चुका है लेकिन अब भी एक साल के हाई से यह 33 फीसदी नीचे है।