Stock Market News: बिजली के लेन-देन से जुड़ी सरकारी कंपनी पीटीसी इंडिया (PTC India) के शेयरों में आज शानदार तेजी दिख रही है। पॉवर ट्रेडिंग कंपनी ने आज जानकारी दी है कि वित्त वर्ष 2021-22 के लिए 5.80 रुपये प्रति शेयर के फाइनल डिविडेंड के प्रस्ताव को शेयरधारकों को मंजूरी मिल चुकी है। पीटीसी इंडिया (पूर्व नाम पॉवर ट्रेडिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया) की तरफ से जारी बयान के मुताबिक यह 2 रुपये के अंतरिम डिविडेंड के अतिरिक्त में है। इसका असर कंपनी के शेयरों पर भी दिख रहा है और यह करीब 4 फीसदी की तेजी के साथ आज 2 जनवरी को इंट्रा-डे में 84.55 रुपये के भाव (PTC India Share Price) पर पहुंच गया।
PTC India के शेयरहोल्डर्स को रिकॉर्ड डिविडेंड
30 दिसंबर 2022 को कंपनी की सालाना आम बैठक (AGM) में शेयरधारकों ने अंतरिम डिविडेंड के अलावा फाइनल डिविडेंड को मंजूरी दी। यह कंपनी की तरफ से डिविडेंड के मामले में शेयरहोल्डर्स को अब तक का सबसे बड़ा तोहफा है। वित्त वर्ष 2021-22 में कंपनी का कंसालिडेटेड प्रॉफिट सालाना आधार पर 21 फीसदी के उछाल के साथ 552 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
पीटीसी इंडिया के शेयरों में पिछले कुछ दिनों से तेजी का रुझान दिख रहा है। पांच दिनों में यह सात फीसदी से अधिक मजबूत हुआ है। एक साल पहले 18 जनवरी 2022 को यह 114.75 रुपये के भाव पर था जो एक साल का रिकॉर्ड ऊंचा स्तर था। उसके बाद इसके शेयरों पर दबाव दिखा और नौ महीने में यह 41 फीसदी टूटकर 21 अक्टूबर 2022 को 67.75 रुपये के भाव पर आ गया। हालांकि फिर इसमें खरीदारी का रुझान लौटा और अब तक यह करीब 25 फीसदी रिकवर हो चुका है।