PSU Bank Stock Crash: पंजाब एंड सिंध बैंक के शेयरों में आज 1 अप्रैल को भारी गिरावट देखने को मिली। कारोबार शुरु होते ही बैंक का शेयर 20 प्रतिशत तक क्रैश हो गया। इसके अलावा UCO बैंक के शेयरों में भी 7% की तगड़ी गिरावट आई। इन दोनों सरकारी बैंकों में यह गिरावट ऐसे समय में आई है, जब ये अपने क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं।
QIP से जुटाई गई रकम, लेकिन निवेशकों की घटी रुचि
पंजाब एंड सिंध बैंक ने शुक्रवार को 1,219 करोड़ रुपये जुटाने का ऐलान किया। बैंक ने यह रकम क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) के जरिए संस्थागत निवेशकों को शेयर बेचकर जुटाई। इस QIP में सबसे ज्यादा हिस्सेदारी लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (LIC) को दी गई। SBI लाइफ इंश्योरेंस को भी QIP के जरिए बेचे गए कुल शेयरों का 8.2% मिला।
निवेशकों की प्रतिक्रिया क्यों नकारात्मक?
CNBC-TV18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, PSU बैंकों ने क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) के जरिए जो कुल 6,000 करोड़ रुपये की रकम जुटाई है, उसमें से 25% निवेश अकेले LIC से आया। इसके अलावा भी QIP का एक बड़ा हिस्सा पब्लिक सेक्टर कंपनियों से ही आया है। यानी प्राइवेट निवेशकों की रुचि इन QIP में कम रही है।
इसके चलते निवेशकों ने QIP को सकारात्मक रूप में नहीं लिया, जिससे PSU बैंकिंग शेयरों में बिकवाली हावी हो गई। दिसंबर तिमाही तक के आंकड़ों के मुताबिक, सरकार के पास पंजाब एंड सिंध बैंक में 98.25% हिस्सेदारी थी।
SEBI का बयान और PSU बैंकों पर दबाव
भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के चेयरमैन तुषार कांता पांडे ने 24 मार्च को मीडिया से बातचीत में कहा था कि PSU कंपनियों के न्यूनतम पब्लिक शेयरहोल्डिंग (MPS) को शर्तों को पूरा करने में काफी सुधार हुआ है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि कुछ PSU कंपनियों के लिए इस मानक को पूरा करना बहुत मुश्किल होगा।
52-वीक लो पर पहुंचा पंजाब एंड सिंध बैंक का शेयर
मंगलवार को पंजाब एंड सिंध बैंक के शेयर 19.2% गिरकर 35.23 रुपये पर कारोबार कर रहे थे, जो स्टॉक का 52-वीक लो है। इस गिरावट के साथ, शेयर का भाव QIP इश्यू प्राइस 38.37 रुपये से भी नीचे चला गया है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।