PVR Inox Q1 Results: घाटे से आई तगड़े मुनाफे में, निचले स्तर 7% चढ़ गया शेयर

PVR Inox Q1 Results: मल्टीप्लेक्स चेन पीवीआर आईनॉक्स के शेयरों ने आज जबरदस्त यू-टर्न मारा। जून तिमाही के कारोबारी नतीजे आते ही यह रेड जोन से ग्रीन जोन में आ गया। जून तिमाही में कंपनी सालाना आधार पर घाटे से मुनाफे में आ चुकी है। चेक करें कंपनी के कारोबारी नतीजे की खास बातें

अपडेटेड Jul 23, 2026 पर 2:17 PM

PVR Inox Q1 Results: जून 2026 तिमाही में पीवीआर आईनॉक्स सालाना आधार पर घाटे से मुनाफे में आई तो पीवीरी आईनॉक्स के शेयरों पर निवेशक टूट पड़े। हाई रेवेन्यू और ऑपरेटिंग लेवल पर सुधार के दम पर कंपनी मुनाफे में आई तो शेयरों ने जश्न मनाया और करीब 7% रिकवर हो गया। फिलहाल बीएसई पर यह 3.87% की बढ़त के साथ ₹1031.40 के भाव (PVR Inox Share Price) पर है। इससे पहले इंट्रा-डे में यह 1.22% टूटकर ₹980.80 तक आ गया था। हालांकि रिजल्ट आते ही शेयरों ने तेजी से रिकवरी की, और इस निचले स्तर से यह 6.84% रिकवर होकर ₹1,047.85 तक पहुंच गया। इंट्रा-डे का यह हाई लेवल एक कारोबारी दिन पहले के क्लोजिंग प्राइस से 5.53% ऊपर है।

PVR Inox Q1 Results: खास बातें

पीवीआर आईनॉक्स जून 2026 तिमाही में सालाना आधार पर ₹54.5 करोड़ के शुद्ध घाटे से ₹56.5 करोड़ के कंसालिडेटेड नेट प्रॉफिट में आ गई। इस दौरान कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू 11.9% बढ़कर ₹1,162 करोड़ पर पहुंच गया। ऑपरेटिंग लेवल पर बात करें तो इस दौरान कंपनी का ईबीआईटीडीए 30.8% बढ़कर ₹528 करोड़ और ईबीआईटीडीए मार्जिन 27.8% से 32.5% पर पहुंच गई। कंपनी के बैलेंस शीट में काफी सुधार दिखा और पीवीआर-आईनॉक्स मर्जर के बाद पहली बार यह नेट कैश पॉजिटिव हुई। 30 जून को इसके पास ₹80.7 करोड़ की नगदी थी जबकि विलय के समय यह करीब ₹1430 करोड़ के कर्ज में थी।


जून तिमाही में पीवीआर आईनॉक्स में 3.66 करोड़ दर्शक आए, जो सालाना आधार पर 8% अधिक रहा। साथ ही औसत टिकट की कीमत भी 8% बढ़कर ₹273 हो गई, तो प्रति व्यक्ति खाने-पीने पर औसत खर्च 9% बढ़कर ₹161 हो गया। इससे टिकट बिक्री में 16% और खाने-पीने से होने वाली कमाई (F&B रेवेन्यू) में सालाना आधार पर 17% की बढ़ोतरी हुई।

सीएनबीसी-टीवी18 से बातचीत में कंपनी के एमडी अजय बिजली ने कहा कि बिना किसी बड़ी ब्लॉकबस्टर रिलीज के जून तिमाही का परफॉरमेंस शानदार रहा। इसे रीजनल फिल्मों और आउट-ऑफ-होम एंटरटेनमेंट में तेजी से सपोर्ट मिला। अजय ने कहा कि अब दर्शक घर के बाहर निकलकर मनोरंजन करना पसंद कर रहे हैं, जिससे पीवीआर आईनॉक्स को सपोर्ट मिला।

पीवीआर आईनॉक्स के एमडी का कहना है कि कंपनी एंटरटेनमेंट के बाहर भी अपना विस्तार कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि इस साल बिक्री में नॉन-मूवी कंटेट की हिस्सेदारी पिछले साल के 1.5% से दोगुना होकर करीब 3% पर पहुंच जाएगी। उन्होंने कहा कि कंपनी इस वित्त वर्ष 2027 में 90-100 नए स्क्रीन जोड़ने के लिए सही ट्रैक पर है जिसमें अधिकतर एसेट-लाइट मॉडल के जरिए होगी।

एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल

पीवीआर आईनॉक्स के शेयरों ने निवेशकों को तगड़ा शॉक दिया है। पिछले साल बीएसई पर यह 30 अक्टूबर 2025 को ₹1249.00 के भाव पर था जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। इस हाई लेवल से 5 महीने में यह 27.94% फिसलकर 2 मार्च 2026 को ₹900.05 पर आ गया जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है।

Oracle Financial ने लिया यू-टर्न, इस कारण 5% चढ़ने के बाद 12% टूटे शेयर

FIIs Holding Stocks: सब बेच रहे, विदेशी निवेशक खरीद रहे, चार तिमाहियों में इन स्टॉक्स में ताबड़तोड़ निवेश

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।