Q4 Results: वायर कंपनी का मुनाफा 117% बढ़ा, निवेशकों को मिलेगा डिविडेंड का तोहफा

Q4 Results: वायर कंपनी ने मार्च तिमाही में शानदार नतीजे पेश किए हैं। कंपनी का मुनाफा 117% और रेवेन्यू 83% बढ़ा है। कॉपर ट्यूब्स कारोबार में तेज ग्रोथ देखने को मिली। साथ ही शेयरधारकों के लिए डिविडेंड का भी ऐलान किया गया है।

अपडेटेड May 26, 2026 पर 8:08 PM
Story continues below Advertisement
राम रत्ना वायर्स के बोर्ड ने 2.50 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड देने की सिफारिश की है।

Q4 Results: राम रत्ना वायर्स ने वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही के मजबूत नतीजे जारी किए हैं। कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर दोगुने से ज्यादा यानी 117% बढ़कर 39 करोड़ रुपये पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 18 करोड़ रुपये था। कंपनी के वाइंडिंग वायर और कॉपर ट्यूब्स कारोबार में मजबूत प्रदर्शन का असर मुनाफे पर साफ दिखाई दिया।

रेवेन्यू में 83% की जोरदार बढ़त

जनवरी-मार्च तिमाही के दौरान राम रत्ना का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 83.2% बढ़कर 1,752.9 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह आंकड़ा 956.7 करोड़ रुपये था। वहीं EBITDA भी 45.3 करोड़ रुपये से बढ़कर 93.2 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसके साथ ही EBITDA मार्जिन 4.7% से बढ़कर 5.3% हो गया, जो बेहतर परिचालन प्रदर्शन को दिखाता है।


इन कारोबार ने दिखाया दम

राम रत्ना वायर्स के वाइंडिंग वायर और स्ट्रिप्स सेगमेंट का रेवेन्यू एक साल पहले के 790.53 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,392.04 करोड़ रुपये हो गया। वहीं कॉपर ट्यूब्स और पाइप्स कारोबार में भी शानदार बढ़त दर्ज की गई। इस सेगमेंट का रेवेन्यू 141.41 करोड़ रुपये से बढ़कर 347.20 करोड़ रुपये पहुंच गया, यानी यह दो गुने से भी ज्यादा बढ़ा। कुल मिलाकर कंपनी का सेगमेंट रेवेन्यू 956.75 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,767.29 करोड़ रुपये हो गया।

प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में बड़ा बदलाव

राम रत्ना के मैनेजिंग डायरेक्टर महेंद्रकुमार काबरा ने कहा कि बीते वित्त वर्ष की सबसे अहम उपलब्धियों में से एक उत्पाद पोर्टफोलियो में सुधार रहा। कॉपर ट्यूब्स और पाइप्स की हिस्सेदारी कंपनी के कुल कारोबार में 14% से बढ़कर 22% हो गई है। उनके मुताबिक यह कंपनी की विविधीकरण स्ट्रैटेजी की सफलता को दिखाता है। भविष्य में स्थायी ग्रोथ और बेहतर मुनाफे की मजबूत नींव तैयार करता है।

पावर और इंफ्रा सेक्टर से सपोर्ट

महेंद्रकुमार काबरा ने कहा कि भारत में पावर, ट्रांसमिशन, डिस्ट्रीब्यूशन और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में लगातार निवेश हो रहा है, जिसकी वजह से घरेलू मांग मजबूत बनी हुई है। इसके अलावा कंपनी को इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) इंफ्रास्ट्रक्चर और रिन्यूएबल एनर्जी ग्रिड कनेक्टिविटी जैसे तेजी से बढ़ते क्षेत्रों से भी अच्छा कारोबार मिल रहा है।

शेयरधारकों को मिलेगा डिविडेंड

राम रत्ना वायर्सके बोर्ड ने वित्त वर्ष 2026 के लिए 5 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 2.50 रुपये डिविडेंड देने की सिफारिश की है। हालांकि इसके लिए आगामी वार्षिक आम बैठक (AGM) में शेयरधारकों की मंजूरी जरूरी होगी। मंजूरी मिलने के बाद कंपनी AGM के 30 दिनों के भीतर डिविडेंड का भुगतान करेगी। यह भुगतान लागू टैक्स नियमों के अनुसार होगा।

तिमाही नतीजों की घोषणा से पहले 26 मई को एनएसई पर राम रत्ना वायर्स शेयर प्राइस 1.16% बढ़कर 475.90 रुपये पर बंद हुआ।

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।