भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मॉनिटरी पॉलिसी कमिटी ने बुधवार 8 फरवरी को एक बार फिर रेपो रेट (Repo Rate) में 0.25 फीसदी की बढ़ोतरी की। इससे घर खरीदरों के लिए EMI का बोझ बढ़ जाएगा। रेपो रेट में बढ़ोतरी के बाद बुधवार को रियल एस्टेट सेक्टर (Realty Stocks) से जुड़े शेयरों में गिरावट देखी गई। हालांकि बाजार को पहले से रेपो रेट में बढ़ोतरी का अनुमान था, इसके बावजूद रियल एस्टेट शेयरों का लुढ़कना जारी रहा। फोनिक्स मिल्स (Phoenix Mills) के शेयरों में सबसे अधिक करीब 5 फीसदी की गिरावट देखने को मिली। इसके अलावा सनटेक रियल्टी (Sunteck Realty), प्रेस्टिज एस्टेट्स (Prestige Estates), ब्रिगेड एंटरप्राइजेज (Brigade Enterprises) और ओबरॉय रियल्टी (Oberoi Realty) के शेयरों में अच्छी गिरावट देखने को मिली। निफ्टी रियल्टी इंडेक्स भी 1 फीसदी से अधिक गिर गया था।
