RBL Bank Shares: लगातार चार दिनों की तेजी आज आरबीएल बैंक की एक सफाई पर थम गई। बैंक ने हिस्सेदारी की बिक्री से जुड़ी रिपोर्ट्स को खारिज किया तो शेयर धड़ाम से गिर गए। आज बीएसई पर यह 4.10% की गिरावट के साथ ₹249.30 के भाव (RBL Bank Share Price) पर बंद हुआ है। हालांकि आज के शुरुआती कारोबार में यह 2.69% उछलकर ₹266.95 तक पहुंच गया था। हालांकि फिर बैंक की सफाई पर इस हाई लेवल से यह 7% टूटकर इंट्रा-डे में यह ₹248.25 के निचले स्तर तक आ गया। इससे पहले लगातार चार कारोबारी दिनों में यह 10% से अधिक मजबूत हुआ था।
किस बार पर सफाई दी है RBL Bank ने और क्या?
एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि दुबई की एमिरेट्स एनबीडी (Emirates NBD) बैंक में कुछ हिस्सेदारी खरीदने की संभावनाएं तलाश रहा है और इसके जरिए यह भारतीय बैंकिंग सेक्टर में एंट्री कर सकती है। रिपोर्ट्स में इसके IDBI बैंक में भी हिस्सेदारी खरीदने की दिलचस्पी दिखाने की बात सामने आई। अब इसी को लेकर आरबीएल बैंक ने सफाई दी है कि यह स्पेक्युलेटिव है यानी कि अनुमानों पर आधारित है। बैंक की इस सफाई के चलते शेयर धड़ाम से गिर गए।
भारतीय बैंकों में हिस्सेदारी रख सकते हैं विदेशी?
भारत में बैकों के विदेशी स्वामित्व को लेकर नियम काफी सख्त हैं। केंद्रीय बैंक RBI ने किसी भारतीय बैंक में अधिकतम 15% हिस्सेदारी ही विदेशी संस्थाओं को रखने की मंजूरी दी है। हालांकि इसके अपवाद भी हैं लेकिन इसकी भी मंजूरी खासतौर से लेनी होती है। जैसे कि कनाडा के फेयरफैक्स फाइनेंशियल को सीएसबी बैंक (CSB Bank) और सिंगापुर के डीबीएस को दिक्कतों से जूझ रहे लक्ष्मी विलास बैंक (Lakshmi Vilas Bank) में विलय की मंजूरी मिल गई। हालिया कोशिशों की बात करें तो जापान की एसएमबीसी को यस बैंक में 20% हिस्सेदारी को मंजूरी का इंतजार है। इन्हीं सब अपवादों के चलते एनबीडी को उम्मीद दिख रही है।
आरबीएल बैंक के शेयरों पर क्या है ब्रोकरेज फर्म का रुझान?
पिछले साल 4 जुलाई 2024 को आरबीएल बैंक के शेयर ₹270.35 के भाव पर थे जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। हालांकि शेयरों की यह तेजी यहीं थम गई और इस हाई लेवल से करीब छह महीने में यह 46% फिसलकर 20 जनवरी 2025 को यह ₹146.00 के भाव पर आ गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से रिकवरी शुरू हुई है और ब्रोकरेज फर्म के मुताबिक यह एक साल के हाई लेवल को पार कर सकता है। ब्रोकरेज फर्म सिटी ने इसे 90-दिनों का पॉजिटिव कैटेलिस्ट वॉच दिया। विदेशी ब्रोकरेज फर्म का मानना है कि क्रेडिट कॉस्ट के सामान्य होने से बैंक का RoA (रिटर्न ऑन एसेट्स) 0.45%-0.50% सुधर सकता है। सिटी ने इसका टारगेट प्राइस भी ₹230 से बढ़ाकर ₹285 कर दिया है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।