रेस्टोरेंट ब्रांड्स एशिया (Restaurant Brands Asia) का शेयर 15 सितंबर को कारोबार के दौरान 12.5 पर्सेंट की बढ़ोतरी के साथ 52 हफ्ते के हाई यानी 135.40 रुपये पर पहुंच गया। कंपनी के शेयरों में तेजी की वजह 1,494 करोड़ रुपये की ब्लॉक डील है। रिपोर्ट के मुताबिक, ब्लॉक डील विंडो के तहत 12.54 करोड़ शेयरों (25.4 पर्सेंट इक्विटी) का ट्रांजैक्शन हुआ है।
मनीकंट्रोल (Moneycontrol) को इस डील से जुड़े पक्ष के बारे में जानकारी नहीं मिली है। हालांकि, सीएनबीसी-टीवी18 ( CNBC-TV18) ने सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि ब्लॉक डील में शेयरों की बिक्री एवरस्टोन (Everstone) ने की है। जून तिमाही के मुताबिक, कंपनी में एवरस्टोन की हिस्सेदारी 25 पर्सेंट थी। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में 1 बजकर 48 मिनट पर कंपनी का शेयर 9.10 पर्सेंट की बढ़ोतरी के साथ 131.25 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
जून 2023 तिमाही में कंपनी का नेट लॉस बढ़कर 50.5 करोड़ रुपये हो गया था, जबकि पिछले साल की इसी अवधि में यह 47.5 करोड़ रुपये था। कच्चे माल की लागत में बढ़ोतरी और स्टोर खर्च बढ़ने से कंपनी के घाटे में बढ़ोतरी हुई। हालांकि, इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू 25 पर्सेंट बढ़कर 611 करोड़ रुपये हो गया था, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में यह 489.2 करोड़ रुपये था। मैनेजमेंट ने फाइनेंशियल ईयर 2024 और फाइनेंशियल ईयर 2025 के लिए ग्रोथ गाइडेंस क्रमश: 10% और 8% कायम रखा है।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2024 के लिए अपने इंडिया बिजनेस का ग्रॉस मार्जिन 67 पर्सेंट रखने का टारगेट तय किया है। ब्रोकरेज फर्म शेयरखान (ShareKhan) के मुताबिक, अगर आप थोड़ा जोखिम ले सकते हैं, यह स्टॉक निवेश का बेहतर विकल्प हो सकता है। उसके मुताबिक, वित्त वर्ष 2024 में कंपनी का इंडोनेशिया बिजनेस ब्रेकइवन पर पहुंच सकता है। ब्रोकरेज फर्म ने कंपनी के शेयरों को 'बाय' रेटिंग दी है। एक और ब्रोकरेज फर्म प्रभुदास लीलाधर (Prabhudas Lilladher) के मुताबिक, रेस्टोरेंट ब्रांड्स एशिया भारत में प्रॉफिट की राह पर है और उसके घरेलू बिजनेस पैरामीटर में बेहतरी देखने को मिल रही है।