ROX Hi-Tech IPO Listing: आईटी सॉल्यूशंस मुहैया कराने वाली रोक्स हाईटेक (ROX Hi-Tech) के शेयरों की NSE के SME प्लेटफॉर्म पर शानदार एंट्री हुई। इस आईपीओ को निवेशकों का तगड़ा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल 214 गुना से अधिक सब्सक्राइब हुआ था। आईपीओ के तहत 83 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुए थे। आज NSE SME पर इसकी 135 रुपये के भाव पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 62.65 फीसदी का लिस्टिंग गेन (ROX Hi-Tech Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद भी तेजी थमी नहीं। उछलकर यह 141.75 रुपये (ROX Hi-Tech Share Price) के अपर सर्किट पर पहुंच गया और इसी पर बंद भी हुआ यानी कि पहले दिन आईपीओ निवेशक 70.78% मुनाफे में हैं।
ROX Hi-Tech IPO को कैसा मिला था रिस्पांस
रोक्स हाईटेक का 54.49 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 7 नवंबर से 9 नवंबर के बीच खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का तगड़ा रिस्पांस मिला था। ओवरऑल यह आईपीओ 214.44 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) का हिस्सा 106.25 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 366.86 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 204.02 गुना भरा था।
इस आईपीओ के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 49.95 करोड़ रुपये के 60,17,600 नए शेयर जारी हुए हैं। इसके अलावा 4.54 करोड़ रुपये के 5,47,200 शेयरों की ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिक्री हुई है। नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कैपिटल एक्सपेंडिचर, चेन्नई में नेटवर्क ऑपरेशन्स सेंटर और सिक्योरिटी ऑपरेशन्स सेंटर सेट अप करने, चेन्नई मेडिकल ऑटोमेशन सेंटर सेटअपर करने, नोएडा में ग्लोबल सॉफ्टवेयर डिलीवरी सेंटर सेट अप करने, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में होगा।
2002 में बनी रोक्स हाईटेक कस्टमर-सेंट्रिक आईटी सॉल्यूशंस प्रोवाइडर है। यह कंसल्टिंग, एंटरप्राइज और एंड-यूजर कंप्यूटिंग, मैनेज्ड प्रिंट और नेटवर्क सर्विसेज जैसी सर्विसेज मुहैया कराती है। इसके पास 22 साल का इंडस्ट्री अनुभव है। आईबीएम के बिजनेस पार्टनर से शुरू होकर अब यह आईटी सेगमेंट की बड़ी कंपनी बन चुकी है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। वित्त वर्ष 2021 में इसे 66.15 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो वित्त वर्ष 2022 में बढ़कर 1.51 करोड़ रुपये और फिर वित्त वर्ष 2023 में उछलकर 15.33 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस वित्त वर्ष की बात करें तो अप्रैल-जुलाई 2023 में इसे 6.76 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हासिल हो चुका है।