Sammaan Capital Shares: सम्मान कैपिटल (पूर्व नाम इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस) ने ऐलान किया है कि अबू धाबी की इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी PJSC (IHC) इसकी प्रमोटर बनेगी। फिलहाल यह आईएचएसी ग्रुप की कंपनी बन चुकी है और ऐसा एवेनिर इंवेस्टमेंट आरएससी लिमिटेड (Avenir) को 41.5% हिस्सेदारी के बदले इक्विटी शेयरों और वारंट्स के प्रिफरेंशियल अलॉटमेंट के साथ हुआ है। कंपनी का कहना है कि आईएचसी को प्रमोटर की कैटेगरी में रखा जाएगा। कंपनी ने यह जानकारी आज 31 मार्च को एक्सचेंज फाइलिंग में दी। अब इसका असर 1 अप्रैल को स्टॉक मार्केट खुलने पर शेयरों पर दिख सकता है। अभी इसके शेयरों के स्थिति की बात करें तो वित्त वर्ष 2026 के आखिरी कारोबारी दिन 30 मार्च को ढहते मार्केट में बीएसई पर यह 0.74% की बढ़त के साथ ₹149.50 पर बंद हुआ था। निफ्टी की मंथली एक्सपायरी के दिन सोमवार 30 मार्च को सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) 2-2% से अधिक टूट गए थे।
Sammaan Capital में कितनी हिस्सेदारी होगी IHC की?
एक्सचेंज फाइलिंग में देश की सबसे बड़ी मल्टीनेशनल एनबीएफसी सम्मान कैपिटल ने बताया कि एवेनिर के जरिए दुनिया की सबसे बड़ी इंवेस्टमेंट कंपनियों में शुमार और मिडिल ईस्ट की सबसे बड़ी लिस्टेड होल्डिंग कंपनी आईएचसी ने 41.5% हिस्सेदारी हासिल की है। सम्मान कैपिटल को इक्विटी शेयर और वारंट्स को जारी कर ₹5652 करोड़ मिल चुके हैं और बाकी ₹3198 करोड़ वारंट्स को फुल्ली पेड इक्विटी शेयर में बदलने पर 18 महीने में मिलेंगे।
सम्मान कैपिटल ने एक्सचेंज फाइलिंग में आगे बताया कि 30 दिनों के भीतर एवेनिर ₹139 के भाव पर ओपन ऑफर लाने पर काम कर रहा है। इस ओपन ऑफर के साथ ही एवेनिर की सम्मान कैपिटल में 63.3% हिस्सेदारी हो जाएगी। इनके बाद आईएचसी को सम्मान कैपिटल के प्रमोटर की कैटेगरी में रखा जाएगा।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?
सम्मान कैपिटल के शेयरों ने पिछले साल रॉकेट की स्पीड से निवेशकों का पैसा बढ़ाया था। पिछले साल 7 अप्रैल 2025 को यह बीएसई पर ₹97.80 के भाव पर था जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से सात ही महीने में यह 97.24% ऊपर चढ़कर 3 नवंबर 2025 को ₹192.90 पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।