SEBI Cancelled Registration: मार्केट रेगुलेटर सेबी (Securities and Exchange Board of India) ने 39 शेयर ब्रोकर और 7 कमोडिटी ब्रोकर का रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया है। रजिस्ट्रेशन रिक्वायरमेंट्स पूरी करने में विफल रहने के चलते इन ब्रोकर्स का रजिस्ट्रेशन रद्द किया गया है। इसके अलावा सेबी ने उन 22 डिपॉजिटरी पार्टिसिपेंट्स का रजिस्ट्रेशन भी रद्द कर दिया है, जो अब किसी भी डिपॉजिटरी से संबद्ध नहीं हैं। सेबी ने तीन अलग-अलग आदेशों में कहा कि इन एंटिटीज के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट को रद्द करने का मुख्य कारण उन्हें डिपॉजिटरी का एक्टिव पार्टिसिपेंट या मान्यता प्राप्त स्टॉक एक्सचेंज का सदस्य बने बिना, सेबी रजिस्ट्रेशन का गलत इस्तेमाल करने से रोकना है, ताकि निवेशकों की सुरक्षा हो सके।
रजिस्ट्रेशन रद्द होने के बावजूद ये एंटिटीज, शेयर ब्रोकर या कमोडिटी ब्रोकर या डिपॉजिटरी पार्टिसिपेंट्स के रूप में की गई किसी भी कार्रवाई के लिए उत्तरदायी हैं। वे सेबी को देय किसी भी बकाया शुल्क, बकाया और ब्याज का भुगतान करने के लिए भी जिम्मेदार हैं।
किन एंटिटीज का रजिस्ट्रेशन रद्द
जिन 39 शेयर ब्रोकर का रजिस्ट्रेशन रद्द किया गया है, उनमें बेजल स्टॉक ब्रोकर्स, रिफ्लेक्शन इनवेस्टमेंट्स, सम्पूर्ण पोर्टफोलियो, विनीत सिक्योरिटीज, क्वांटम ग्लोबल सिक्योरिटीज, वेलइंडिया सिक्योरिटीज, व्राइज सिक्योरिटीज, क्रेडेंशियल स्टॉक ब्रोकर्स, आन्या कमोडिटीज, एम्बर सॉल्यूशंस, आर्केडिया शेयर एंड स्टॉक ब्रोकर्स, सी.एम. गोयनका स्टॉक ब्रोकर्स और डेस्टिनी सिक्योरिटीज शामिल हैं।
जिन 7 कमोडिटी ब्रोकर्स का रजिस्ट्रेशन रद्द किया गया है, उनमें वेल्थ मंत्रा कमोडिटीज, सम्पूर्ण कॉमट्रेड, चैतन्य कमोडिटीज, बीवीके पल्सेस ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी, इनफोनिक इंडिया फाइनेंशियल सर्विसेज, फाइनेंशियल लीडर्स कमोडिटीज और वेलइंडिया कमोडिटीज शामिल हैं।
डिपॉजिटरी पार्टिसिपेंट्स के तौर पर जिन 22 एंटिटीज का रजिस्ट्रेशन रद्द किया गया है, उनमें इंटीग्रेटेड स्टॉक ब्रोकिंग सर्विसेज, मूंगिपा इनवेस्टमेंट्स, एएसएल कैपिटल होल्डिंग्स, अटलांटा शेयर शॉपी, वेल्थ मंत्रा, पंजाब एंड महाराष्ट्र को-ऑपरेटिव बैंक, मैक्स प्लानवेल्थ सिक्योरिटीज, ब्राइट शेयर्स एंड स्टॉक शामिल हैं।