Senco Gold Share Price: सोने-चांदी, प्लेटिनम समेत अन्य मेटल्स के गहने बेचने वाली सेन्को गोल्ड के शेयरों में मार्च तिमाही का शानदार रिजल्ट जोश नहीं भर पाया। पिछले वित्त वर्ष 2026 की आखिरी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 151% और रेवेन्यू करीब 45% बढ़ गया लेकिन शेयर आज 5% से अधिक टूट गए। निचले स्तर पर खरीदारी के बावजूद शेयर संभल नहीं पाए और अब भी यह काफी कमजोर स्थिति में है। आज बीएसई पर यह 2.86% की गिरावट के साथ ₹339.65 के भाव पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 5.39% टूटकर ₹330.80 तक आ गया था। पिछले साल 8 सितंबर 2025 को बीएसई पर यह एक साल के हाई ₹404.80 पर था जिससे 6 महीने में यह 31.89% टूटकर 30 मार्च 2026 को एक साल के निचले स्तर ₹275.70 पर आ गया था।
