Sensex@1,00,000: घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) लगातार उछल रहा है और आज इंट्रा-डे में इसने 70 हजार का भी लेवल पार कर दिया। एल्केमी कैपिटल (Alchemy Capital) के डायरेक्टर और चीफ इनवेस्टमेंट ऑफिसर हीरेन वेद का तो मानना है कि वर्ष 2025 की क्रिसमस यानी महज दो साल में सेंसेक्स 1 लाख के भी लेवल को पार कर जाएगा। इसका मतलब है दो साल में सेंसेक्स करीब 43 फीसदी उछल सकता है यानी कि सालाना 19.5 फीसदी की ग्रोथ। यह 20 साल की औसतन सालाना ग्रोथ 13 फीसदी से काफी अधिक है। मनीकंट्रोल को दिए इंटरव्यू में उन्होंने यह भी कहा कि अगले वित्त वर्ष मार्केट को सबसे तगड़ा सपोर्ट आईटी और बैंक देंगे।
वैल्यूशन से जुड़ी कोई चिंता नहीं
कुछ निवेशकों को इस बात की चिंता है कि कहीं वैल्यूएशन बहुत हाई तो नहीं हो गया है। इस पर वेद का मानना है कि सेंसेक्स-निफ्टी रिकॉर्ड हाई पर हैं लेकिन फिर भी ऐतिहासिक वैल्यूएशन के हिसाब से यह महंगा नहीं है। पिछले तीन वर्षों में मार्केट जितना तेज उछला है, कंपनियों की मुनाफे की ग्रोथ उससे काफी तेज रही है। ऐसे में वैल्यूएशन कंफर्ट जोन में है।
कोरोना महामारी से पहले वर्ष 2020 में देश की सबसे बड़ी 500 कंपनियों का कुल मुनाफा करीब 4 लाख करोड़ रुपये था और अब यह सितंबर 2023 के आखिरी में 11-12 लाख करोड़ रुपये के करीब पहुंच गया यानी कि मुनाफा करीब तीन गुना बढ़ा। हालांकि इस दौरान फरवरी 2020 से सितंबर 2023 तक निफ्टी 500 महज 87 फीसदी और निफ्टी 50 भी महज 75 फीसदी ही चढ़ा है।
Banking Stcocks और IT Stocks आएंगे लीडिंग पोजिशन में
निफ्टी और सेंसेक्स में करीब दो-तिहाई दबदबा बैंकिंग और आईटी शेयरों का है। वेद का मानना है कि अब इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सों को सबसे तगड़ा सपोर्ट यही दो देंगे। आईटी कंपनियों को ऑर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) के तेजी से बढ़ते मार्केट के चलते सपोर्ट मिलेगा तो दूसरी तरफ बैंकों का नेट इंटेरेस्ट मार्जिन (NIM) अगले साल बेहतर होगा और इसमें गिरावट से जुड़ी चिंता कम हो जाएगी।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।