Share Market Today: शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला सोमवार 18 नवंबर को भी जारी रहा। सेंसेक्स और निफ्टी लगातार 7वें दिन गिरावट के साथ बंद हुए। फरवरी 2023 के बाद यह पहली बार है, जब शेयर बाजार में इतने लंबे समय तक गिरावट रही है। इसके चलते निवेशकों की कुल संपत्ति आज करीब 1.5 लाख करोड़ रुपये घट गई। अमेरिकी में ब्याज दरें में कटौती की रफ्तार थमने, कमजोर तिमाही नतीजे, विदेशी निवेशकों की ओर से लगातार बिकवाली और ऊंचे वैल्यूएशन के कारण बाजार का सेंटीमेंट नेगेटिव बना हुआ है। आज के कारोबार के दौरान आईटी शेयरों में सबसे अधिक गिरावट आई। इसके अलावा ऑयल एंड गैस, एनर्जी और यूटिलिटी इंडेक्स भी 1 फीसदी से अधिक लुढ़ककर बंद हुए। दूसरी ओर मेटल, रियल्टी और ऑटो शेयरों में खरीदारी रही। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.17 और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.69 फीसदी गिरकर बंद हुआ।
