Share Market Gains: भारतीय शेयर बाजार आज लगातार दूसरे दिन मजबूती के साथ बंद हुए। महाराष्ट्र में BJP गठबंधन की भारी जीत और शॉर्ट-कवरिंग बढ़ने से निवेशकों का जोश हाई रहा। बाजार में चौतरफा तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 992 अंक उछल गया। वहीं निफ्टी 24,200 के पार बंद हुआ। इसके चलते निवेशकों की संपत्ति आज करीब 7.14 लाख करोड़ रुपये बढ़ गई। ब्रॉडर मार्केट भी गुलजार रहा। बीएसई मिडकैप इंडेक्स 1.61 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स 1.86 फीसदी बढ़कर बंद हुए। सभी सेक्टोरल इंडेक्स भी हरे निशान में रहे। सबसे अधिक तेजी ऑयल एंड गैस, कैपिटल गुड्स और इंडस्ट्रियल शेयरों में देखने को मिली।
कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 992.74 अंक या 1.25 फीसदी की छलांग लगाकर 80,109.85 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स, निफ्टी 314.65 अंक या 1.32 फीसदी उछलकर 24,221.90 के स्तर पर बंद हुआ।
आइए जानते हैं कि शेयर बाजार में इस जबरदस्त तेजी के पीछे 3 सबसे बड़े कारण क्या रहे-
1. महाराष्ट्र में BJP-गठबंधन की बड़ी जीत
शेयर बाजार में आज की तेजी के पीछे सबसे बड़ा कारण महाराष्ट्र चुनाव के नतीजों का माना जा रहा है। BJP की अगुआई वाले महायुति गठबंधन ने राज्य में ऐतिहासिक जीत दर्जकर सत्ता में वापसी की है। देश की आर्थिक राजधानी कही जाने वाली मुंबई इसी महाराष्ट्र की राजधानी है। महायुति ने 288 में से यहां कुल 233 सीटें जीती हैं। इसके बाद शेयर बाजार में आज चौतरफा खरीदारी देखने को मिली। खासतौर से PSU कंपनियों के शेयरों में भारी उछाल आया।
कार्नेलियन एसेट मैनेजमेंट एंड एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड के फाउंडर विकास खेमानी ने कहा कि बाजार में बहुत सारी शॉर्ट पोजीशन थीं, लेकिन अब हम बहुत सारी शॉर्ट कवरिंग होते हुए देख सकते हैं। वहीं जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के चीफ इनवेस्टमेंट स्ट्रैटजिस्ट, डॉ वीके विजयकुमार ने कहा, "इससे पहले शुक्रवार को भी बाजार में BJP की संभावित जीत का अनुमान लगाते हुए आखिरी घंटे में भारी तेजी देखने को मिली थी। यह बिल्कुल स्पष्ट तरीके से शॉर्ट कवरिंग का संकेत देता है।"
रिलायंस सिक्योरिटीज के रिसर्च हेड विकास जैन ने कहा, "महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में BJP गठबंधन की बड़ी जीत और ग्लोबल बाजारों में तेजी के बाद मार्केट सेंटीमेंट के पॉजिटिव बने रहने की उम्मीद है।"
2. MSCI इंडेक्सों में होने वाला बदलाव
मॉर्गन स्टैनली कैपिटल इंटरनेशनल (MSCI) आज 25 नवंबर को देर शाम अपने कई इंडेक्सों में बदलाव करने वाला है। इस बदलाव के चलते भारतीय शेयर बाजार में करीब 2.5 अरब डॉलर (2,100 करोड़ रुपये) का पैसिव विदेशी निवेश आने का अनुमान है। बता दें कि MSCI हर तीन महीने में अपने इंडेक्सों में बदलाव करती है। नुवामा इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस बदलाव के बाद MSCI के स्टैंडर्ड/EM इंडेक्स में 5 नए भारतीय स्टॉक शामिल होंगे। वहीं कोई भी स्टॉक इस बदलाव में इंडेक्स से बाहर नहीं होगा।
इसके साथ ही MSCI स्टैंडर्स इंडेक्स में अब कुल भारतीय स्टॉक्स की संख्या बढ़कर 156 हो जाएगी। इसके अलावा MSCI के स्मॉलकैप इंडेक्स में कुल 13 नए स्टॉक्स शामिल होंगे। इसके साथ ही इस इंडेक्स में शामिल कुछ भारतीय शेयरों की संख्या बढ़कर 525 हो जाएगी।
3. चीन के शेयर बाजारों में गिरावट
भारतीय शेयर बाजार में आई हालिया तेजी के पीछे एक कारण चीन के शेयर बाजार में आई गिरावट भी है। पिछले कुछ समय से विदेशी निवेशक (FIIs) भारत की जगह चीन की ओर रुख कर रहे थे। हालांकि अब इसमें बदलाव दिख रहा है। शुक्रवार को भी चीन के शेयर बाजारों में गिरावट आई थी। आज भी शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.33 प्रतिशत की गिरावट के साथ लाल निशान पर कारोबार कर रहा है और हैंग सेंग इंडेक्स में करीब 0.55 प्रतिशत नीचे था। इस बीच, एशियाई बाजारों में सियोल और टोक्यो में तेजी रही। वहीं शुक्रवार को अमेरिकी शेयर बाजार हरे निशान में बंद हुए थे।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।