Share Market Rally: निफ्टी की वीकली एक्सपायरी के दिन आज मार्केट में रौनक दिखी। कच्चे तेल में गिरावट, रुपये की मजबूती और विदेशी निवेशकों की खरीदारी के दम पर घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज सेंसेक्स और निफ्टी शुरुआती कारोबार में ही उछल पड़े। सेंसेक्स (Sensex) इंट्रा-डे में 300 प्वाइंट्स उछल पड़ा तो निफ्टी 50 (Nifty 50) चढ़कर 24500 के पार पहुंच गया। हालांकि ब्रोडर लेवल पर दबाव दिख रहा है और निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में आधे फीसदी की गिरावट है।
अब इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज की बात करें तो फिलहाल 11:15 AM पर सेंसेक्स 294.47 प्वाइंट्स यानी 0.38% की बढ़त के साथ 78,579.54 और निफ्टी 50 भी 78.35 प्वाइंट्स यानी 0.32% की बढ़त के साथ 24,508.70 पर है। इंट्रा-डे में सेंसेक्स 299.80 प्वाइंट्स चढ़कर 78,584.87 और निफ्टी 84.50 प्वाइंट्स उछलकर 24,514.85 तक पहुंचा था।
Share Market Rally: ये है वजह
सरकारी तेल कंपनी सऊदी अरामको ने अगस्त के लिए अपने सबसे ज्यादा बिकने वाले अरब लाइट क्रूड का भाव प्रति बैरल $11 घटा दिया तो मार्केट में रौनक छा गई। यह कम से कम 26 साल में सबसे बड़ी कटौती है।
विदेशी निवेशकों की खरीदारी
विदेशी निवेशकों ने भारतीय मार्केट में सोमवार को लगातार दूसरे दिन बिकवाली से अधिक खरीदारी की। सोमवार को उन्होंने ₹243.03 करोड़ की नेट बाइंग की जबकि शुक्रवार को ₹1,355.33 करोड़ की नेट खरीदारी की थी। जियोजीत इंवेस्टमेंट्स के चीफ इंवेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वीके विजयकुमार के मुताबिक विदेशी निवेशकों की खरीदारी अभीबहुत मजबूत नहीं है लेकिन वे अब बेचने से अधिक खरीद रहे हैं तो यह बड़ा बदलाव है और इससे मार्केट को सपोर्ट मिलने की उम्मीद है।
कच्चे तेल के वैश्विक बैंचमार्क ब्रेंट क्रूड की कमजोरी ने रुपये की चमक बढ़ा दी और अमेरिकी डॉलर की तुलना में यह 15 पैसे मजबूत होकर 95.28 पर पहुंच गया। सऊदी अरब के अगस्त क्रूड ऑयल प्राइस में कटौती और जियो-पॉलिटिकल टेंशन में नरमी ने इसे सपोर्ट किया है। फॉरेक्स ट्रेडर्स के मुताबिक पश्चिमी एशिया में रिस्क प्रीमियम कम होने और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ से ट्रैफिक बढ़ने पर कच्चे तेल की कीमतों पर नियंत्रण बना रहा।
आईटी सेक्टर में जोरदार खरीदारी
मार्केट को आज आईटी सेक्टर से तगड़ा सपोर्ट मिला और इसका निफ्टी इंडेक्स ढाई फीसदी मजबूत हुआ है। देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टीसीएस के कारोबारी नतीजे आने के पहले आईटी सेक्टर में अच्छी रौनक दिख रही है। दो महीने में निफ्टी आईटी 10.5% कमजोर हुआ।
जियोजीत इंवेस्टमेंट्स के चीफ मार्केट स्ट्रैटेजिस्ट आनंद जेम्स का कहना है कि एक कारोबारी दिन पहले 24400 के ऊपर निफ्टी के क्लोज होने से 24800-25250 की तरफ इसके बढ़ने का माहौल और सुधरा। हालांकि उन्होंने इस बात को लेकर भी सतर्क किया है कि 24600 के लेवल पर मार्केट को कुछ रिजेक्शन भी झेलना पड़ सकता है। आनंद के मुताबिक 24360 के सपोर्ट पर मार्केट 24600 की तरफ बढ़ सकता है।
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स से बातचीत में चॉइस इक्विटी ब्रोकिंग के टेक्निकल रिसर्च एनालिस्ट आकाश शाह ने कहा कि निफ्टी ने फरवरी के बाद पहली बार 200-दिनों के EMA (एक्सपोनेंशियल मूविंग एवरेज) को फिर हासिल किया, जो बाजार में तेजी का रुझान बने रहने का संकेत है। आकाश शाह के मुताबिक हालिया तेजी के बाद मार्केट में कुछ समय के लिए कंसोलिडेशन दिख सकता है, लेकिन जब तक निफ्टी 24,300-24,400 के सपोर्ट जोन के ऊपर बना रहेगा, तब तक गिरावट पर खरीदारी दिख सकती है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।