Credit Cards

Stock market: सेंसेक्स-निफ्टी 1% में अधिक की गिरावट, निवेशकों के एक दिन में डूब गए ₹9 लाख करोड़

Share Market Today: शेयर बाजार में मंगलवार 22 अक्टूबर को लगातार दूसरे दिन भी गिरावट जारी रही। चौतरफा बिकवाली से बीएसई सेंसेक्स 930 अंक से अधिक लुढ़क गया जबकि एनएसई निफ्टी में भी बड़ी गिरावट आई। इसके चलते निवेशकों की संपत्ति एक दिन में करीब 9 लाख करोड़ रुपये डूब गई।

अपडेटेड Oct 22, 2024 पर 5:12 PM
Story continues below Advertisement
BSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप आज घटकर 444.79 लाख करोड़ रुपये हो गया

Share Market Today: शेयर बाजार में मंगलवार 22 अक्टूबर को लगातार दूसरे दिन भी गिरावट जारी रही। चौतरफा बिकवाली से बीएसई सेंसेक्स 930 अंक से अधिक लुढ़क गया जबकि एनएसई निफ्टी में भी बड़ी गिरावट आई। इसके चलते निवेशकों की संपत्ति एक दिन में करीब 9 लाख करोड़ रुपये डूब गई। विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) की ओर से लगातार पैसों की निकासी और ग्लोबल बाजारों में नरमी से शेयर मार्केट का सेंटीमेंट कमजोर रहा। इसके अलावा, कंपनियों के कमजोर तिमाही नतीजों से भी बिकवाली तेज हुई।

बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी क्रमश: 1.37 फीसदी और 2.52 फीसदी टूटकर बंद हुए। यहां तक कि सभी सेक्टोरल इंडेक्स भी लाल निशान में बंद हुए। सबसे अधिक बिकवाली सरकारी बैंकों, रियल्टी और इंडस्ट्रियल शेयरों में देखने को मिली।

कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 930.55 अंक या 1.15 फीसदी की गिरावट के साथ 80,220.72 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स, निफ्टी 309.00 अंक या 1.25 फीसदी टूटकर 24,472.10 के स्तर पर बंद हुआ।


निवेशकों के ₹8.86 लाख करोड़ डूबे

बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 22 अक्टूबर को घटकर 444.79 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार 21 अक्टूबर को 453.65 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 8.86 लाख करोड़ रुपये घटा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 8.86 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है।

सेंसेक्स के 5 सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयर

आज गिरावट इतनी तेजी थी कि सेंसेक्स के 30 में से 29 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) का शेयर 3.79 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं टाटा स्टील (Tata Steel), पावर ग्रिड (Power Grid), स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और टाटा मोटर्स (Tata Motors) के शेयरों में 2.64 फीसदी से 2.94% तक की गिरावट देखी गई।

वहीं दूसरी ओर सेंसेक्स का सिर्फ एक शेयर- ICICI बैंक आज 0.67 फीसदी की तेजी के साथ हरे निशान में बंद हुआ।

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या रहा हाल, इसे आप नीचे दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

sensex81

3,430 शेयरों में रही गिरावट

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,058 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 557 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 3,430 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 71 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 168 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 159 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

sensex81f

यह भी पढ़ें- City Union Bank के शेयर नतीजों के बाद बने रॉकेट, 14% उछला भाव, ब्रोकरेज ने दिया ₹200 का नया टारगेट

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।