भारतीय शेयर बाजारों में 18 सितंबर को पहले अच्छी तेजी दिखी लेकिन बाद में सेंसेक्स ने हल्की गिरावट में क्लोजिंग की। हालांकि निफ्टी हरा ही रहा। दिन में सेंसेक्स पिछले बंद भाव से करीब 414 अंक तक उछलकर 74,728.44 के हाई तक गया। इसी तरह निफ्टी भी पिछली क्लोजिंग से लगभग 118.55 अंक तक चढ़कर 23,389.15 के हाई तक गया। कारोबार खत्म होने पर सेंसेक्स 19.63 अंक लुढ़ककर 74,294.96 पर बंद हुआ। दूसरी ओर निफ्टी 75.80 अंकों की बढ़त के साथ 23,346.40 पर बंद हुआ।
इस बीच BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 2.30 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा बढ़ गया। गुरुवार, 17 सितंबर को शेयर मार्केट बंद होने पर BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 4,77,48,363.696 करोड़ रुपये रहा था। शुक्रवार को मार्केट बंद होने पर यह 4,79,78,860.47 करोड़ रुपये हो गया। यानि कि 2,30,496.774 करोड़ रुपये की वृद्धि।
एक दिन पहले कैसा रहा था बाजार
गुरुवार, 17 सितंबर को भारतीय शेयर बाजार लगभग फ्लैट रहे थे। अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा बेंचमार्क ब्याज दर 0.25 प्रतिशत बढ़ाने और मौद्रिक नीति में आगे भी सख्ती के संकेत दिए जाने के बाद निवेशकों ने सतर्कता बरती थी। सेंसेक्स 21.86 अंक या 0.03 प्रतिशत फिसलकर 74,314.59 पर बंद हुआ था। निफ्टी 53 अंक या 0.23 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 23,270.60 पर बंद हुआ था। बीएसई स्मॉलकैप सिलेक्ट इंडेक्स 0.95 प्रतिशत और मिडकैप सिलेक्ट इंडेक्स 0.72 प्रतिशत चढ़ा था।
अमेरिकी बाजार हरे निशान में बंद हुए हैं। एशियाई बाजारों में भी तेजी है। दक्षिण कोरिया का कोस्पी लगभग 2.6 प्रतिशत चढ़ा है। जापान का निक्केई 225 इंडेक्स 1.4 प्रतिशत और ताइवान वेटेड लगभग 2 प्रतिशत बढ़त में है। शंघाई कंपोजिट में करीब 1 प्रतिशत और हेंगसेंग में 0.5 प्रतिशत की तेजी है।
रुपया शुक्रवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 2 पैसे की गिरावट के साथ 95.91 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। गुरुवार को रुपया 2 पैसे मजबूत होकर 95.89 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।