शीला फोम (Sheela Foam) ने सोमवार 17 जुलाई को अपनी प्रतिद्वंदी कंपनी कुर्लऑन एंटरप्राइजेज (Kurlon Enterprises) को खरीदने का आधिकारिक ऐलान किया है। साथ ही कंपनी ने 300 करोड़ रुपये में रेंट पर फर्नीचर देने वाली कंपनी फर्लेंको (Furlenco) में 35 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने का भी ऐलान किया। फर्लेंको को हाउस ऑफ किराया लिमिटेड (House of Kieraya Ltd) के नाम से भी जाना जाता है। कंपनी ने शेयर बाजारों को भेजी एक सूचना में बताया कि वह 2,150 करोड़ रुपये के वैल्यूएशन पर Kurlon Enterprises के 94.66 फीसदी हिस्सेदारी का अधिग्रहण कर रही है। इस ट्रांजैक्शन के बदले शीला फोम को कंपनी के कुल 3.46 करोड़ इक्विटी शेयर के मिलेंगे। यह अधिग्रहण 30 नवंबर 2023 को या उससे पहले पूरा होने की उम्मीद है।
