Skipper Share Price: देश की सबसे बड़ी पावर ट्रांसमिशन एंड डिस्ट्रीब्यूशन (T&D) स्ट्रक्चर मैनुफैक्चरर कंपनी स्किपर (Skipper) के शेयरों में आज जबरदस्त तेजी दिखी। इसके शेयर 20 फीसदी के उछाल के साथ आज इंट्रा-डे में बीएसई पर 172.70 रुपये के अपर सर्किट पर पहुंच गए। शेयर इस लेवल से नीचे भी नहीं खिसके और इसी अपर सर्किट पर बंद हुए हैं। कंपनी के शेयरों में यह खरीदारी घरेलू और विदेशों बाजारों से 1135 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिलने के चलते दिखी। कंपनी ने 17 जून 2022 को एक्सचेंज फाइलिंग में यह जानकारी दी थी और इस फ्रेश ऑर्डर ने कंपनी के शेयरों में जोश भरा है। इसका फुल मार्केट कैप 1,773.11 करोड़ रुपये है। यह कंपनी पॉलीमर पाइप ब्रांड्स में भी तेजी से अपनी स्थिति मजबूत कर रही है।
Skipper को क्या मिला है ऑर्डर
स्किपर को पावरग्रिड कॉरपोरेशन से नए ट्रांसमिशन लाइन प्रोजेक्ट्स की डिजाइनिंग, सप्लाई और कंस्ट्रक्शन के लिए ऑर्डर मिला है। इसके लिए कंपनी को ऐसा ही ऑर्डर दक्षिण अमेरिका, मिडिल ईस्ट और उत्तरी अमेरिका से मिला है। हालांकि कंपनी ने हर एक सौदे की अलग-अलग वैल्यू का खुलासा नहीं किया है। इसके अलावा हर एक सौदे की रुपरेखा और दायरे के बारे में विस्तार से नहीं बताया है।
एक साल में 245% मजबूत हुआ है शेयर
स्किपर इंफ्रास्ट्रक्चर और टेलीकॉम कंपनियों के लिए टावर्स, ईपीसी, मोनोपोल्स, पोल्स और रेलवे इलेक्ट्रिफिकेशन स्ट्रक्चर तैयार करती है। इसकी मौजूदगी 50 से अधिक देशों में है। यह कंपनी पॉलीमर पाइप्स एंड फिटिंग्स भी बनाती है। अब शेयरों की बात करें तो पिछले साल 20 जून 2022 को यह बीएसई पर 50 रुपये पर था। एक साल में 245 फीसदी उछलकर आज यह 172.70 रुपये पर पहुंच गया जो इसका करीब पांच साल का हाई है।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो मार्च तिमाही इसके लिए बहुत शानदार रही। जनवरी-मार्च 2023 में इसका शुद्ध मुनाफा तिमाही आधार पर 7.11 करोड़ रुपये से 194 फीसदी उछलकर 20.87 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। हालांकि सालाना आधार पर जनवरी-मार्च 2023 में शुद्ध मुनाफा 25.13 करोड़ रुपये से करीब 17 फीसदी गिरा है।