वित्त वर्ष 2023 के दौरान ब्लूचिप के मुकाबले छोटे शेयरों की अधिक पिटाई देखने को मिली है। बीएसई के स्मॉलकैप इंडेक्स (BSE Smallcap Index) इस वित्त वर्ष में 6% टूट चुका है। जबकि इसके मुकाबले सेंसेक्स में सिर्फ 1% की गिरावट आई है। छोटे शेयरों में अधिक गिरावट के पीछे ब्याज दरों में बढ़ोतरी, महंगाई की उच्च दर और रूस-यूक्रेन जंग सहित कई नकारात्मक कारण हैं। मार्केट एनालिस्ट्स के मुताबिक, भारतीय शेयर बाजार के लिए यह एक उथल-पुथल वाला साल था। रूस-यूक्रेन जंग के चलते मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही में खासतौर से बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली थी। हालांकि दूसरी और तीसरी तिमाही में सम्मानजनक रिकवरी देखी गई थी।
महंगाई की दर अधिक बने रहने, रूस-यूक्रेन जंग और ऊंची ब्याज दर जैसी चुनौतियों के कारण निवेशक अधिक जोखिम वाले शेयरों में पैसा लगाने से बच रहे हैं, जो स्मॉलकैप शेयरों में बिकवाली का प्रमुख कारण बना हुआ है। इस वित्त वर्ष में अब सिर्फ एक दिन का कारोबार बचा है। बीएसई स्मॉलकैप 2022-23 में अब तक 1,616.93 अंक या 5.73 प्रतिशत गिर चुका है।
वहीं मझोले शेयरों वाला बीएसई का मिडकैप इंडेक्स इस दौरान 270.29 अंक या 1.12 प्रतिशत नीचे आया है। इसकी तुलना में बीएसई सेंसेक्स 608.42 अंक या 1.03 प्रतिशत नीचे आया है।
MarketsMojo के चीफ इनवेस्टमेंट ऑफिसर, सुनील दमानिया ने बताया, "FY23 में भारतीय शेयर बाजार के खराब प्रदर्शन के पीछे कई वजहें जिम्मेदार रहीं। FY21 और FY22 में शेयर बाजार का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा था। निफ्टी और सेंसेक्स दोनों ने इस दौरान दोहरे अंकों में रिटर्न दिया था। जब बाजार लगातार दो साल तक जोरदार प्रदर्शन करता है, तो तीसरे साल मुनाफावसूली दिखना अनिवार्य है। इसके अलावा FY23 में हमने रूस-यूक्रेन जंग के कारण विपरीत हालातों का अनुभव किया जिसने बाजार के सेंटीमेंट पर नकारात्मक असर डाला है।"
उन्होंने आगे कहा, "इसके अलावा दुनिया भर के केंद्रीय बैंकों ने महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए ब्याज दरों में बढ़ोतरी शुरू की। इसने निवेशकों को रिस्क-लेने से रिस्क-घटाने की रणनीति पर स्विच करने के लिए मजबूर किया।”
वित्त वर्ष 2021-22 में बीएसई स्मॉलकैप इंडेक्स करीब 7,566.32 अंक या 36.64 प्रतिशत उछला था। वहीं मिडकैप 3,926.66 अंक या 19.45 प्रतिशत बढ़ा था। इसकी तुलना में, सेंसेक्स वित्त वर्ष 2021-22 में 9,059.36 अंक या 18.29 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ था।
दमानिया ने कहा, “हमने पहले भी देखा है कि जब ब्याज दरें बढ़ने लगती हैं, तो मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में बेंचमार्क के मुकाबले अधिक गिरावट आती है। इन कंपनियों की अधिक दर पर उधारी लागत चुकाने की क्षमता लार्ज-कैप जितनी मजबूत नहीं होती है।"
FY21 में, बीएसई स्मॉलकैप इंडेक्स 11,040.41 अंक या 114.89 प्रतिशत उछला था, जबकि मिडकैप इंडेक्स 9,611.38 अंक या 90.93 प्रतिशत उछला था। इसकी तुलना में, 30-शेयरों वाला सेंसेक्स ने 20,040.66 अंक या 68 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की थी।