South Korea Share Market: दक्षिण कोरिया के शेयर बाजार में 31 जुलाई को जबर्दस्त तेजी दिखी। बाजार का प्रमुख सूचकांक कोस्पी रॉकेट बन गया। एक दिन यह करीब 18 फीसदी यानी 10001 प्वाइंट्स चढ़ कर बंद हुआ। यह एक दिन में शेयर बाजार में आई सबसे बड़ी तेजी है। इसमें चिप बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में तेजी का बड़ा हाथ है।
एसके हायनिक्स में 30 फीसदी उछाल
SK Hynix और Samsung Electronics के शेयरों में तूफानी तेजी दिखी। एसके हायनिक्स का शेयर करीब 30 फीसदी (29.95%) चढ़कर बंद हुआ। सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स का शेयर भी करीब 27 फीसदी उछाल के साथ बंद हुआ। ताइवान सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग का शेयर 10 फीसदी चढ़कर बंद हुआ। ये कंपनियां चिप बनाती हैं।
नैस्डेक में तेजी का एशियाई शेयरों पर असर
अमेरिका में 30 जुलाई को चिप बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में बड़ी तेजी आई थी। इसका असर 31 जुलाई को एशिया में चिप बनाने वाली कंपनियों के शेयरों पर दिखा। Nasdaq 2.79 फीसदी चढ़कर बंद हुआ। इसमें टेक्नोलॉजी और चिप बनाने वाली कंपनियों को बड़ा हाथ रहा। सबसे ज्यादा 18.45 फीसदी तेजी Micron Technology के शेयरों में आई।
दक्षिण कोरिया के बाजार में बड़ा उतार-चढ़ाव
दक्षिण कोरिया के शेयर बाजार में बीते एक महीने में जबरदस्त उतार-चढ़ाव दिखा है। इस हफ्ते की शुरुआत में कोस्पी में बड़ी गिरावट आई थी। इससे कोस्पी का एक महीने का रिटर्न 34 फीसदी निगेटिव हो गया था। लेकिन, 31 जुलाई को आई तेजी से कोस्पी का एक महीने का रिटर्न सिर्फ 22 फीसदी निगेटिव रह गया है।
दुनिया में सबसे ज्यादा चढ़ने वाला बाजार
दक्षिण कोरिया के शेयर बाजार ने एक साल में 103 फीसदी रिटर्न दिया है। यह दुनिया में सबसे ज्यादा चढ़ने वाला बाजार बन गया है। इसमें एसके हायनिक्स और सैमसंग के शेयरों में आई तूफानी तेजी का बड़ा हाथ है। इन दोनों शेयरों का कोस्पी में करीब 60 फीसदी वेटेज है। बीते एक साल से ग्लोबल इनवेस्टर्स की काफी ज्यादा दिलचस्पी चिप बनाने वाली और एआई से जुड़े शेयरों में देखने को मिला है।
एसके हायनिक्स एक साल में 528 फीसदी चढ़ा
एसके हायनिक्स का शेयर एक साल में 528 फीसदी चढ़ा है। सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स का शेयर बीते एक साल में 267 फीसदी चढ़ा है। कोरिया के रिटेल इनवेस्टर्स ने भी बाजार की तेजी का फायदा उठाने के लिए जमकर निवेश किए हैं। कई इनवेस्टर्स ने तो अपनी जिंदगी भर की सेविंग्स स्टॉक मार्केट में लगा दी है। इस महीने शेयर बाजार में आई बड़ी गिरावट से ऐसे निवेशकों को बड़ा झटका लगा है।
जापान और ताइवान के बाजारों में भी तेजी
31 जुलाई को जापान और ताइवान के बाजारों में भी बड़ी तेजी आई। निक्केई 225 इंडेक्स 4 फीसदी तक उछल गया। ताइवान का TAIEX करीब 8 फीसदी चढ़ गया। इधर, भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक हरे निशान में दिखे। निफ्टी और सेंसेक्स में 0.42 फीसदी की तेजी दिखी।