SpiceJet News: भारी दिक्कतों से जूझ रही विमानन कंपनी स्पाइसजेट अब एक और भारी दिक्कत में फंस सकती है। इसकी वजह ये है कि इसने अपने एंप्लॉयीज के प्रोविडेंट फंड में करीब ढाई साल से पैसे ही नहीं जमा किए हैं। एंप्लॉयीज प्रोविडेंट फंड ऑर्गेनाइजेशन (EPFO) ने CNBC-TV18 को एक सवाल के जवाब में यह जानकारी दी है। RTI के जरिए पूछे गए सवाल के जवाब में EPFO ने खुलासा किया कि स्पाइसजेट ने आखिरी बार जनवरी 2022 में 11,581 एंप्लॉयीज के पीएफ खाते में पैसे जमा किए थे। इस मामले में ईपीएफओ ने स्पाइसजेट को नोटिस और समन जारी किए हैं। इससे पहले फरवरी में भी कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया था कि फंड की दिक्कत और लिक्विडिटी से जुड़ी चिंताओं के चलते इसने ईपीएफओ डिपॉजिट में देरी कर दी है। इसके अलावा जनवरी की सैलरी बांटने में भी देरी हुई थी।
कानूनी मामलों से भी जूझ रही SpiceJet
स्पाइसजेट इस समय कई कानूनी मामलों से जूझ रही है। लीज पर देने वाली कई कंपनियों ने इसके खिलाफ केस किए हुए हैं। इसमें से कुछ विमानों का पट्टा बढ़ाने से जुड़ा हुआ है। नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) ने 18 अप्रैल को तीन विमान पट्टेदारों की तरफ से दायर तीन दिवाला याचिका में कुल 77 करोड़ रुपये के डिफॉल्ट पर स्पाइसजेट को नोटिस जारी किया था। मई में KAL एयरवेज और कलानिधि मारन ने स्पाइसजेट और उसके मालिक अजय सिंह से 1,323 करोड़ रुपये से अधिक के मुआवजे की मांग की थी और साथ ही दोनों पक्षों के बीच चल रहे विवाद में दिल्ली हाई कोर्ट के हालिया आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।
स्पाइसजेट घरेलू स्टॉक मार्केट में लिस्टेड है। इसके शेयर आज BSE पर 3.21 फीसदी की बढ़त के साथ 56.02 रुपये के भाव पर बंद हुए हैं। इस महीने यह करीब 8 फीसदी मजबूत हुआ है। एक साल में शेयरों के चाल की बात करें तो पिछले साल 12 जुलाई 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 26.50 रुपये पर था। इस निचले स्तर से 7 महीने में ही यह 192 फीसदी से अधिक उछलकर 5 फरवरी 2024 को यह एक साल के रिकॉर्ड गाई 77.50 रुपये के भाव पर पहुंच गए।