SpiceJet का शेयर 2% तक टूटा, कलानिधि मारन के हर्जाने की मांग और लीज्ड एयरक्राफ्ट मामले में कोर्ट से मिले झटके का दिखा असर

SpiceJet Stock Price: स्पाइसजेट का कहना है कि वह दिल्ली हाई कोर्ट के फैसले के बाद एयरलाइन के पूर्व प्रमोटर कलानिधि मारन और उनकी कंपनी केएएल एयरवेज को भुगतान किए गए कुल 730 करोड़ रुपये में से 450 करोड़ रुपये वापस मांगेगी। केएएल एयरवेज का कहना है कि विवाद स्पाइसजेट की ओर से विश्वास तोड़ने के कारण पैदा हुआ

अपडेटेड May 28, 2024 पर 4:19 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
28 मई को सुबह बीएसई पर SpiceJet का शेयर गिरावट के साथ 58 रुपये पर खुला।

SpiceJet Share Price: बजट एयरलाइन स्पाइसजेट के शेयरों में 28 मई को करीब 2 प्रतिशत तक की गिरावट दिखी। एक दिन पहले खबर आई थी कि केएएल एयरवेज और कलानिधि मारन ने कहा है कि वे स्पाइसजेट और उसके प्रमुख अजय सिंह से 1,323 करोड़ रुपये से अधिक का हर्जाना मांगेंगे। साथ ही दोनों पक्षों के बीच जारी विवाद मामले में दिल्ली हाई कोर्ट के हाल के आदेश को चुनौती देंगे। अदालत की खंडपीठ ने 17 मई को सिंगल जज की पीठ के उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें मध्यस्थता न्यायाधिकरण के उस फैसले को बरकरार रखा गया था, जिसमें स्पाइसजेट और उसके प्रमोटर अजय सिंह को ब्याज के साथ 579 करोड़ रुपये मारन को वापस करने के लिए कहा गया था।

इसके अलावा एक दूसरे मामले में दिल्ली हाई कोर्ट की दो जज की बेंच ने, सिंगल जज के उस आदेश पर रोक लगाने से इनकार ​कर दिया, जिसमें स्पाइसजेट को दो एयरक्राफ्ट और तीन इंजन अपने पट्टेदार TWC एविएशन को वापस करने को कहा गया था। हालांकि, अदालत ने एयरलाइन को एयरक्राफ्ट और इंजन वापस करने के लिए दी गई मोहलत 28 मई से बढ़ाकर 17 जून कर दिया।

इन दो डेवलपमेंट्स के बाद 28 मई को सुबह बीएसई पर स्पाइसजेट का शेयर गिरावट के साथ 58 रुपये पर खुला। दिन में यह पिछले बंद भाव से 2 प्रतिशत तक टूटकर 57.05 रुपये के लो तक गया।ट्रेडिंग बंद होने पर शेयर 1.63 प्रतिशत टूटकर 57.32 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 4400 करोड़ रुपये से ज्यादा है।


केएएल एयरवेज बोली- मामले में आगे जांच की जरूरत

केएएल एयरवेज के साथ विवाद मामले में दिल्ली हाई कोर्ट की पीठ ने 31 जुलाई, 2023 को पारित सिंगल जज के आदेश को चुनौती देने वाली सिंह और स्पाइसजेट की अपील को स्वीकार कर लिया। साथ ही मध्यस्थता न्यायाधिकरण को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर नए सिरे से विचार करने के लिए मामले को संबंधित अदालत में वापस भेज दिया। अब मारन और उनकी कंपनी केएएल एयरवेज ने अपने कानूनी सलाहकार से परामर्श के बाद फैसले को चुनौती देने का फैसला किया है। केएएल एयरवेज और मारन का मानना ​​है कि निर्णय में खामियां हैं और आगे इस पर जांच की जरूरत है।

Concord Biotech Block Deal: झुनझुनवाला फैमिली के निवेश वाली कंपनी में 37 लाख शेयरों की बिक्री, कीमत 5% तक लुढ़की

केएएल एयरवेज ने बयान में कहा है कि वे 1,323 करोड़ रुपये से अधिक का हर्जाना भी मांग रहे हैं। इसका निर्धारण ब्रिटेन की एफटीआई कंसल्टिंग एलएलपी ने किया है। यह कॉन्ट्रैक्ट के उल्लंघन से होने वाले नुकसान का आकलन करने के लिए चर्चित कंपनी है। बयान में कहा गया कि विवाद स्पाइसजेट की ओर से विश्वास तोड़ने के कारण पैदा हुआ और इसने एक दशक से अधिक समय तक केएएल एयरवेज और कलानिधि मारन दोनों के लिए समस्या पैदा की।

स्पाइसजेट करेगी 450 करोड़ की मांग

दूसरी ओर SpiceJet का कहना है कि वह दिल्ली हाई कोर्ट के फैसले के बाद एयरलाइन के पूर्व प्रमोटर कलानिधि मारन और उनकी कंपनी केएएल एयरवेज को भुगतान किए गए कुल 730 करोड़ रुपये में से 450 करोड़ रुपये वापस मांगेगी।

TWC एविएशन के साथ लीज्ड एयरक्राफ्ट के मामले में जस्टिस राजीव शकदर की अगुवाई वाली पीठ ने पहले के आदेश पर रोक लगाने से इनकार करते हुए कहा कि जब स्पाइसजेट पर पट्टादाता (Lessor) का 120 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया है तो इस प्रकार का कोई भी आदेश देना अनुचित होगा। कोर्ट के मुताबिक, स्पाइसजेट को अपेक्षित लीज राशि का भुगतान किए बिना एयरक्राफ्ट और इंजन का इस्तेमाल करने का अधिकार नहीं है। पट्टादाता, दान के कारोबार में नहीं हैं।

LIC के शेयर में आ सकती है 29% तक तेजी, उम्मीद से अच्छे Q4 नतीजों से ब्रोकरेज खुश

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।