Stock in News: होम और ब्यूटी सर्विसेज मुहैया कराने वाली ऑनलाइन मार्केटप्लेस अर्बन कंपनी के शेयरों में आज खरीदारी का जोरदार रुझान दिखा। एसबीआई म्यूचुअल फंड (SBI Mutual Fund) ने ₹632 करोड़ की ब्लॉक डील के जरिए शेयरों की खरीदारी की तो इसकी चमक बढ़ गई। एसबीआई म्यूचुअल फंड के पास पहले से ही कंपनी के शेयर थे। अब कंपनी ने अपनी हिस्सेदारी और बढ़ाई तो निवेशकों ने इसे पॉजिटिव तौर पर लिया और धड़ाधड़ खरीदारी करने लगे। इस कारण शेयर रॉकेट बन गए जिसका कुछ निवेशकों ने फायदा उठाया तो भाव कुछ नरम पड़े लेकिन निचले स्तर पर खरीदारी के चलते अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। आज बीएसई पर यह 10.33% की बढ़त के साथ ₹121.20 (Urban Company Share Price) पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 19.80% उछलकर ₹131.60 तक पहुंच गया था।
