भारत सहित दुनिया भर के बाजारों में भारी उथल-पुथल देखने को मिल रही है। विकसित बाजारों में मंदी की आशंका, ब्याज दरों में बढ़ोतरी और बढ़ती महंगाई और जियोपोलिटिकल तनाव के इस दौर में दुनिया भर के बाजार दबाव में हैं। भारत पर भी इन परेशानियों की मार पड़ी है। इसके बावजूद भारतीय बाजारों का प्रदर्शन दुनिया के दूसरे बाजारों की तुलना में अच्छा है।
भारतीय बाजार के इस साल के अब तक के प्रदर्शन पर नजर डालें तो निफ्टी ने अब तक फ्लैट रिटर्न दिया है। वहीं, निफ्टी बैंक ने इस साल अब तक 12 फीसदी की तेजी दिखाई है। इसी दौरान S&P 500 इंडेक्स ने 24 फीसदी का निगेटिव रिटर्न दिया है। जबकि निक्केई ने 7 फीसदी का निगेटिव रिटर्न दिया है। वहीं, चीन के बाजार ने 16 फीसदी निगेटिव रिटर्न दिया है। इसी दौरान कोस्पी ने 25 फीसदी निगेटिव रिटर्न दिया है।
आज कैसा है ग्लोबल और इंडियन मार्केट का सेटअप इस पर बात करते हुए सीएनबीसी-आवाज़ के मैनेजिंग एडिटर अनुज सिंघल ने कहा कि भारतीय बाजारों ने अब US में दरों की खबर को पूरी तरह पचा लिया है। US जैसा गिरता है वैसा अब भारतीय बाजार नहीं टूटते। भारतीय बाजारों के लिए ब्रेंट क्रूड सबसे बड़ा ग्लोबल फैक्टर है। ब्रेंट क्रूड ने एक बार फिर ठंडे होने के संकेत दिए हैं। ब्रेंट 85 डॉलर के नीचे फिसला है तो भारत नया हाई लगा सकता है।
निफ्टी पर रणनीति की बात करते हुए अनुज सिंघल ने कहा कि निफ्टी 17350 के रजिस्टेंस के ऊपर खुला है। ट्रेडर्स के लिए 17450-17500 मुनाफावसूली का जोन है। नई खरीदारी के लिए 17450-17500 का स्तर रिस्क-रिवॉर्ड के हिसाब से अच्छा नहीं है। 17500 पर निफ्टी का 50 DMA है। 17500 के ऊपर बंद हुए तो 17800 भी मिल सकता है। नीचे 17250 पर मजबूत सपोर्ट है। यही लॉन्ग सौदों का SLहोगा।
निफ्टी बैंक दुनिया का इस वक्त का सबसे मजबूत इंडेक्स है। इसमें सभी गिरावट में खरीदारी का मौका खोजें। 40000 के अहम स्तर के ऊपर खुला है। 40500 पर अगली बड़ी रुकावट है। ये कॉल राइटर्स का जोन है। 40500 मुनाफावसूली का जोन है। नई खरीदारी गिरावट में ही करें। फाइनेंस निफ्टी पर आज के लिए क्या हो रणनीति इस पर बात करते हुए अनुज सिंघल ने कहा कि आज इसकी वीकली एक्सपायरी होगी। इस इंडेक्स में सभी बैंक और NBFCs शामिल हैं। इस इंडेक्स में HDFC twins और बजाज twins दोनों का मूव मिलता है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।