Share Market Close: ग्लोबल बाजारों से मिले-जुले रुख के बीच भारतीय शेयर बाजार मंगलवार 10 जनवरी को एक बार फिर गिरावट के साथ बंद हुए। आईटी और बैंकिंग शेयरों में आज खासतौर से बिकवाली देखने को मिली। बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स (Sensex) 631.83 अंक या 1.04% गिरकर 60,115.48 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी (Nifty) 176.35 अंक या 0.97% लुढ़ककर 17,924.85 के स्तर पर बंद हुआ। मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी आज करीब 0.5 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुए। वहीं निफ्टी बैंक में 1 फीसदी की गिरावट देखी गई है। इस गिरावट के चलते शेयर बाजार के निवेशकों को आज करीब 2 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
