Stock Market This week: इस सप्ताह भारतीय शेयर बाजार पर वैश्विक संकेतों का खासा असर देखने को मिल सकता है। इसके अलावा, स्पाइसजेट सहित कुछ बड़ी कंपनियों के नतीजे आएंगे। एफएंडओ एक्सपायरी के साथ ही, फॉरेन फंड इनफ्लो और आरबीआई की मीटिंग के मिनट्स का भी बाजार की चाल पर असर दिख सकता है। इस हफ्ते सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही लगभग आधा फीसदी मजबूत होकर बंद हुए थे। तीन दिन की रैली के साथ इस सप्ताह में सेंसेक्स 0.53 फीसदी बढ़कर 61,002.57 पर और निफ्टी 0.49 फीसदी मजबूत होकर बंद हुआ।
वहीं एफआईआई और डीआईआई ने 13-17 फरवरी के दौरान क्रमशः 6,088 करोड़ रुपये और 2,820.39 करोड़ रुपये की खरीदारी की।
रेलिगेयर ब्रोकिंग के वीपी (टेक्निकल रिसर्च) अजीत मिश्रा के मुताबिक, मिलेजुले संकेतों के चलते बाजार में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। उन्होंने कहा, “सभी बड़ी घटनाएं बीत चुकी हैं। ऐसे में विशेष रूप से अमेरिका सहित ग्लोबल मार्केट्स से मिलने वाले संकेतों पर बाजार की नजर रहेगी। इसके अलावा क्रूड और रुपये की चाल से भी संकेत मिल सकते हैं।”
उन्होंने कहा, “बैंकों और फाइनेंशियल कंपनियों का कमजोर प्रदर्शन जारी रह सकता है। ऐसे में आईटी, एनर्जी, एफएमसीजी और ऑटो सेक्टर की अहम भूमिका नजर आ सकती है। इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी को 17,700 का स्तर होल्ड करना चाहिए और 18,200 -18,350 के जोन की तरफ बढ़ना चाहिए। वहीं, हम इनवेस्टर्स को ऐसे चुनिंदा स्टॉक्स पर दांव लगाने और सेक्टर्स को तरजीह देने की सलाह देते हैं, जहां मजबूती दिख रही है।”
ये फैक्टर्स भी रहेंगे अहम
वैश्विक संकेतों के अलावा, फरवरी महीने की डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट की एक्सपायरी, आरबीआई के फरवरी 2023 की मॉनेट्री पॉलिसी के मिनट्स, एनएसई, एमएससीआई और एफटीएसई रसेल इंडेक्स में बदलाव से सेंटीमेंट पर असर दिख सकता है।
एनएसई ने अदाणी के दो शेयर Adani Wilmar और Adani Power को 31 मार्च, 2023 से क्रमशः निफ्टी नेक्स्ट 50 और निफ्टी नेक्स्ट 500 इंडेक्स में जोड़ दिया है। वहीं ऐसी खबरें हैं कि अदाणी ग्रुप की तीन कंपनियों - Adani Power, Adani Total Gas और Adani Transmission को मई में MSCI India index से हटाए जाने का अनुमान है। इन तीन शेयरों में हाल के दौर में खासी गिरावट देखने को मिली है।
उधर, लंदन स्टॉक एक्सचेंज ने इस बात की पुष्टि की है कि उसका अदाणी ग्रुप और उससे जुड़ी सिक्योरिटीज के लिए इंडेक्स में बदलाव की समीक्षा करने का इरादा है। इससे पहले, FTSE ने अपने छमाही इंडेक्स रिव्यू के तहत 10 भारतीय कंपनियों के शेयरों को अपने ग्लोबल लॉर्जकैप इंडेक्स में शामिल किया, लेकिन अदाणी के शेयरों के मामले में कोई कदम नहीं उठाया।
वहीं, इस हफ्ते में SpiceJet, Sanofi और Mahindra CIE Automotive जैसी कुछ बड़ी कंपनियों के तिमाही नतीजे भी जारी होंगे।
डिस्क्लेमरः यहां दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह निवेश विशेषज्ञों के अपने निजी विचार और राय होते हैं। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।