Stock Market Opening Bell: वैश्विक मार्केट से मिले-जुले रुझानों के बीच घरेलू मार्केट में रौनक दिख रही है। घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी में अच्छी तेजी है। इन दोनों ने नई ऊंचाई छू ली। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी खरीदारी का रुझान है। ओवरऑल बात करें तो निफ्टी के सभी सेक्टर्स के इंडेक्स ग्रीन हैं। सबसे अच्छा सपोर्ट कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और रियल्टी स्टॉक्स से मिल रहा है। इसके चलते आज BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 1.47 लाख करोड़ रुपये बढ़ गया है यानी निवेशकों की दौलत मार्केट खुलते ही 1.47 लाख करोड़ रुपये बढ़ गई है। पहली बार मार्केट कैप 400 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंचा है।
