3 वजहों से Sensex में 300 अंकों की तेजी, फिर 2 कारणों से Nifty ने गंवाई पूरी बढ़त

Stock Market Rally: सेंसेक्स की वीकली एक्सपायरी पर आज शुरुआती कारोबार में ही सेंसेक्स (Sensex) 300 प्वाइंट्स से अधिक ऊपर चढ़ गया और निफ्टी 50 भी 24150 के पार चला गया लेकिन फिर इनकी पूरी बढ़त गायब हो गई। जानिए मार्केट में तेजी की तीन मुख्य वजह और फिर पूरी बढ़त खत्म होने की दो वजह

अपडेटेड Jul 16, 2026 पर 4:14 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
एक कारोबारी दिन पहले 15 जुलाई को सेंसेक्स (Sensex) 130.49 प्वाइंट्स यानी 0.17% के उछाल के साथ 77,185.43 और निफ्टी 50 (Nifty 50) भी 26.45 प्वाइंट्स यानी 0.11% की बढ़त के साथ 24,078.50 पर बंद हुआ था। आज ये बढ़त के साथ खुले।

Share Market Rally: शुरुआती बढ़त गंवाते हुए घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज सेंसेक्स और निफ्टी 50 फ्लैट बंद हुए। डॉलर इंडेक्स में नरमी से मार्केट को जो सपोर्ट मिला था, अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध की बढ़ती आंच में पिघल गया। ब्रोडर लेवल पर भी मार्केट ने बढ़त गंवा दी। निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 रेड जोन में बंद हुए। अब इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज की बात करें तो सेंसेक्स की वीकली एक्सपायरी के दिन आज सेंसेक्स (Sensex) 1.44 प्वाइंट्स की हल्की फिसलन के साथ 77,186.87 और निफ्टी 50 (Nifty 50) भी 5.75 प्वाइंट्स यानी 0.02% की मामूली गिरावट के साथ 24,072.75 पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में सेंसेक्स 394.26 प्वाइंट्स उछलकर 77,579.69 और निफ्टी 108.00 प्वाइंट्स चढ़कर 24,186.50 तक पहुंचा था। ऊपरी लेवल से टूटकर सेंसेक्स 77,086.42 और निफ्टी 24,050.00 तक आ गया था।

Share Market Rally: इन वजहों से मिला सपोर्ट

डॉलर इंडेक्स में नरमी

गुरुवार को अमेरिकी डॉलर एक महीने के निचले स्तर के आस-पास आ गया जिससे मार्केट को सपोर्ट मिला। अमेरिका महंगाई के नरम आंकड़ों से इस बात की संभावना बढ़ी कि फेडरल रिजर्व ब्याज दरें बढ़ाने को लेकर जल्दबाजी नहीं करेगा। इससे अमेरिकी डॉलर इंडेक्स नरम होकर 100.46 पर आ गया। डॉलर की कमजोरी से विदेशी निवेशकों का भारत जैसे उभरते बाजारों में निवेश बढ़ सकता है।


India VIX में गिरावट

मार्केट की घबराहट को मापने वाले इंडिया विक्स में गिरावट से मार्केट को सपोर्ट मिला है। फिलहाल यह 2.92% की गिरावट के साथ 12.88 पर बंद हुआ है। इसके अधिक होने का मतलब मार्केट में वोलैटिलिटी हाई होने की आशंका है तो इसके कम होने का मतलब वोलैटिलिटी कम होने की संभावना है।

IT Stocks से मार्केट को सपोर्ट

सेक्टरवाइज आईटी सेक्टर ने मार्केट को संभालने की काफी कोशिश की लेकिन ऊपर स्तर पर मुनाफावसूली के चलते निफ्टी आईटी की 1% से अधिक की बढ़त हल्की हुई और यह आधे फीसदी से थोड़ी अधिक की बढ़त के साथ बंद हुआ। निफ्टी रियल्टी करीब 1% कमजोर हुआ तो निफ्टी ऑटो में करीब आधे फीसदी की मजबूती आई। बैंकिंग शेयरों में भी दबाव दिखा और पीएसयू बैंक और प्राइवेट बैंक के निफ्टी आधे फीसदी से थोड़ी ही कम कमजोरी के साथ बंद हुए।

फिर क्यों गायब हुई बढ़त

ईरान-अमेरिका युद्ध

अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध की आंच बढ़ने लगी तो इसमें मार्केट की बढ़त पिघलने लगी। ईरान की राजधानी तेहरान के सबसे व्यस्त चौराहे पर एक ऐसा विशालकाय बिलबोर्ड लगाया गया है, जिसने पूरी दुनिया में सनसनी फैला दी है। इस होर्डिंग में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को एक काले ताबूत (Coffin) के अंदर मरा हुआ दिखाया गया है। अपनी हत्या की साजिश और तेहरान में लगे इस खौफनाक बोर्ड को देखकर ट्रंप ने ईरान को अब तक की सबसे खतरनाक चेतावनी दी है। ट्रंप ने सोशल मीडिया और बयानों के जरिए साफ कहा, 'ईरान सुन ले, हमारी 1,000 मिसाइलें बिल्कुल 'लॉक्ड और लोडेड' हैं और उनका रुख सीधे इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान की तरफ है।

ऊपरी स्तर पर मुनाफावसूली

मार्केट में शुरुआती बढ़त का फायदा उठाते हुए कुछ निवेशकों ने मुनाफावसूली की तो मार्केट नीचे आया।

स्टॉक मार्केट में आज की लाइव हलचल के लिए यहां जुड़ें

'हम ट्रंप को मार डालेंगे...', तेहरान के चौराहे पर ताबूत में दिखे डोनाल्ड ट्रंप! ईरान का अमेरिका को खौफनाक चैलेंज

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।