शेयर बाजार क्रैश! सेंसेक्स और निफ्टी में 3% की गिरावट, VIX ने छुआ 9 साल का हाई

Stock Market Crash: शेयर बाजार के दोनों प्रमुख इंडेक्स- सेंसेक्स और निफ्टी ने आज 5 अगस्त को भारी गिरावट के साथ कारोबार की शुरुआत की। कमजोर ग्लोबल संकेतों और अमेरिका में मंदी आने की आशंका ने निवेशकों के मनोबल को कमजोर कर दिया है, जिसके चलते आज लगातार दूसरे दिन चौतरफा बिकवाली हुई

अपडेटेड Aug 05, 2024 पर 12:54 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Stock Market Crash: इंडिया VIX एक ही दिन में 52 प्रतिशत बढ़कर 22 पर पहुंच गया

Stock Market Crash: शेयर बाजार के दोनों प्रमुख इंडेक्स- सेंसेक्स और निफ्टी ने आज 5 अगस्त को भारी गिरावट के साथ कारोबार की शुरुआत की। कमजोर ग्लोबल संकेतों और अमेरिका में मंदी आने की आशंका ने निवेशकों के मनोबल को कमजोर कर दिया है, जिसके चलते आज लगातार दूसरे दिन चौतरफा बिकवाली हुई। सुबह करीब 11:50 बजे सेंसेक्स 2.83 प्रतिशत या 2290 अंक गिरकर 78,693 पर और निफ्टी 2.81 प्रतिशत या 695 अंक गिरकर 24,025 पर कारोबार कर रहा था। करीब 437 शेयरों में तेजी आई, 3,007 शेयरों में गिरावट आई और 82 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।

अमेरिकी फ्यूचर्स मार्केट में भी भारी गिरावट देखी गई। नैस्डैक फ्यूचर्स मार्केट 2 प्रतिशत से अधिक लुढ़क गया। वहीं नैस्डेक अपने ऑलटाइम हाई से करीब 10 प्रतिशत नीचे आ गया है। एशियाई बाजार में जापान के निक्केई में सबसे अधिक 3 फीसदी की गिरावट देखी गई।

5पैसा के एनालिस्ट्स, रुचित जैन ने मनीकंट्रोल को बताया, "पिछले कुछ महीनों से हमें दुनिया भर के शेयरों बाजारों में लगातार तेजी देखने को मिल रही थी। ऐसा लगता है कि बाजार अब इस व्यापक अपट्रेंड के भीतर करेक्शन के चरण में प्रवेश कर चुके हैं। वैसे भी बाजार पर असर डालने वाली अधिकतर घटनाएं अब बीत गई हैं, जिसमें चुनाव नतीजे, बजट और यहां तक फेडरल रिजर्व की मॉनिटरी पॉलिसी शामिल हैं।"


उन्होंने कहा, "बाजार से जुड़ी अधिकतर पॉजिटिव खबरों का असर पहले ही देखा जा चुका है, जिसने निफ्टी इंडेक्स को पहली बार 25,000 के पार पहुंचा दिया था। अब ग्लोबल बाजारों में अनिश्चितता और गिरावट को देखते हुए, यह करेक्शन के लिए एक अच्छा मौका दे रहा है।"

शेयर बाजार में आज की आई गिरावट चौतरफा है। बीएसई के मिड और स्मॉल-कैप इंडेक्स 3 प्रतिशत से ज्यादा लुढ़क गए हैं। जैन ने कहा कि छोटे और मझोले शेयरों का वैल्यूएशन निश्चित रूप से महंगा है। इस बात का इससे भी संकेत मिलता है कि म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री के कई फंड मैनेजरों ने इस समय कैश रखा हुआ है और वे इस स्तर पर निवेश में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं।

VIX में 2015 के बाद की सबसे अधिक उछाल

इस बीच शेयर बाजार में अस्थिरता का संकेत देने वाला इंडेक्स, इंडिया VIX एक ही दिन में 52 प्रतिशत बढ़कर 22 पर पहुंच गया। यह अगस्त 2015 के बाद से इस इंडेक्स में आई एक दिन में सबसे अधिक तेजी है।

सेक्टोरल ट्रेंड

निफ्टी ऑटो, रियल्टी, मेटल और सरकारी बैंकों में सबसे अधिक गिरावट आई। इन सभी के सेक्टोरल इंडेक्स करीब 3 प्रतिशत तक लुढ़क गए। सिर्फ निफ्टी FMCG इंडेक्स इकलौता लाभ में रहा, जिसे हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स और ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज के शेयरों में तेजी से सपोर्ट मिला।

निफ्टी के इन शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी

हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL), टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, सन फार्मा, नेस्ले और ब्रिटानिया

निफ्टी के इन शेयरों में रही सबसे अधिक गिरावट

टाटा मोटर्स, ONGC, हिंडाल्को, इंफोसिस और मारुति सुजुकी

यह भी पढ़ें- Bharat Forge: भारत फोर्ज के शेयरों में 6.5% की तेज गिरावट! नॉर्थ अमेरिका से आई कंपनी के लिए बुरी खबर

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।