बाजार आज हल्की कमजोरी के साथ खुले हैं। फिलहाल निफ्टी लाल निशान में खुलने के बाद हरे निशान में आ गया है। निफ्टी 9.25 बजे के आसपास 21 अंक यानी 0.12 फीसदी की बढ़त के साथ 18626 के स्तर पर दिख रहा है। वहीं, बैंक निफ्टी 0.07 फीसदी की मामूली कमजोरी के साथ 44,278.95 के स्तर पर दिख रहा है। जबकि सेंसेक्स 111 अंक यानी 0.18 फीसदी की गिरावट के साथ 62958 के आसपास दिखा रहा है। कल के सत्र की बात करें तो बीएसई सेंसेक्स 345 अंक बढ़कर 62,846 पर बंद हुआ। जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स 99 अंक उछलकर 18599 पर बंद हुआ।
आज निफ्टी के लिए पहला सपोर्ट 18584 और उसके बाद दूसरे बड़े सपोर्ट 18570 और 18547 पर स्थित हैं। अगर इंडेक्स ऊपर की तरफ रुख करता है तो 18630 फिर 18644 और 18667 पर इसको रजिस्टेंस का सामना करना पड़ सकता है। निफ्टी बैंक के लिए पहला सपोर्ट 44219 और उसके बाद दूसरे बड़े सपोर्ट 44151 और 44040 पर स्थित हैं।
करेंसी और इक्विटी बाजारों में आज क्या हो रहा है यह जानने के लिए मनीकंट्रोल के साथ बने रहें। यहां हम आपके लिए तमाम समाचार प्लेटफॉर्मों पर चल रही आज की ऐसी अहम खबरों की एक सूचि जारी कर रहें हैं जो भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों को प्रभावित कर सकते हैं।
क्लीन साइंस एंड टेक्नोलॉजी (Clean Science & Technology): थिंक इंडिया ऑपर्च्युनिटीज मास्टर फंड एलपी ने खुले बाजार के लेनदेन के माध्यम से प्रति शेयर 1,406 रुपये की औसत कीमत पर क्लीन साइंस में 8.82 लाख इक्विटी शेयर खरीदे। हालांकि, प्रमोटरों - नीलिमा कृष्णकुमार बूब ने कंपनी में 8.78 लाख शेयर 1406.64 रुपये प्रति शेयर के औसत मूल्य पर बेचे हैं। आशा अशोक बूब ने 18.65 लाख शेयर 1407.22 रुपये प्रति शेयर के औसत मूल्य पर बेचे हैं। इसी तरह आशा अशोक सिक्की ने भी 1406 रुपये की औसत कीमत पर 9.84 लाख शेयर बेचे हैं।
ग्रेविटा इंडिया (Gravita India): प्रमोटर रजत अग्रवाल ने खुले बाजार में 565 रुपये प्रति शेयर के औसत मूल्य पर ग्रेविटा इंडिया में 32 लाख शेयर या 4.63 प्रतिशत हिस्सेदारी बेच दी है। हालांकि, नोमुरा एसेट मैनेजमेंट मलेशिया एसडीएन बीएचडी द्वारा प्रबंधित कर्मचारी भविष्य निधि बोर्ड ने 5.5 लाख शेयर खरीदे हैं। नोमुरा इंडिया स्टॉक के ट्रस्टी के रूप में नोमुरा ट्रस्ट एंड बैंकिंग कंपनी लिमिटेड ने भी 7.5 लाख शेयर खरीदे हैं। वहीं, एमटीबीजे ए/सी नोमुरा इंडिया इनवेस एफडी ने 15 लाख शेयर खरीदे हैं। इसके अलावा नोमुरा फंड्स आयरलैंड पब्लिक लिमिटेड कंपनी- नोमुरा फंड्स आयरलैंड - इंडिया इक्विटी फंड ने भी 565 रुपये प्रति शेयर की औसत कीमत पर 4 लाख शेयर खरीदे हैं।
30 मई यानी आज अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन, मैनकाइंड फार्मा, टोरेंट फार्मास्युटिकल्स, एक्शन कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट, एजिस लॉजिस्टिक्स, अपोलो हॉस्पिटल्स एंटरप्राइज, एस्ट्राजेनेका फार्मा इंडिया, बजाज हेल्थकेयर, बिड़ला टायर्स, गुजरात मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन, ग्रेफाइट इंडिया, ग्रीनप्लाई इंडस्ट्रीज, हेरानबा इंडस्ट्रीज, इंडियाबुल्स रियल एस्टेट, इंसेक्टिसाइड्स (इंडिया), केआरबीएल, लेमन ट्री होटल्स, ल्यूमैक्स ऑटो टेक्नोलॉजीज, लक्स इंडस्ट्रीज, मार्कसंस फार्मा, मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स, पैनासिया बायोटेक, पतंजलि फूड्स, पीसी ज्वैलर, पेनिनसुला लैंड, प्रेस्टीज एस्टेट प्रोजेक्ट्स, राष्ट्रीय केमिकल्स एंड फर्टिलाइजर्स, रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर , सुजलॉन एनर्जी, यूफ्लेक्स, वक्रांगी, वी-गार्ड इंडस्ट्रीज, विविमेड लैब्स और वेलस्पन कॉर्प 31 मार्च 2023 को खत्म हुई तिमाही के नतीजे जारी करेंगी।
एसजीएक्स निफ्टी 40.50 अंक यानी 0.22 फीसदी की बढ़त के साथ 18730.50 के स्तर पर दिख रहा है। आज इसकी ओपनिंग 18689 के स्तर पर हुई थी। वहीं, कल के कारोबार में इसकी बंदी 18690 के स्तर पर हुई थी। वहीं, सिंगापुर एक्सचेंज पर एसजीएक्स फ्यूचर्स 18694 के स्तर पर दिख रहा है।
बाइडेन प्रशासन और रिपब्लिकन सांसदों द्वारा अमेरिकी ऋण सीमा को बढ़ाने पर एक अस्थायी सौदे पर पहुंचने के बाद सोमवार रात स्टॉक वायदा में तेजी देखी गई। डाओ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज से जुड़ा वायदा 72 अंक या 0.2 फीसदी बढ़कर बंद हुआ। जबकि एसएंडपी 500 वायदा 0.3 फीसदी बढ़कर बंद हुआ। नैस्डैक-100 का वायदा 0.5 फीसदी चढ़कर बंद हुआ।
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और हाउस स्पीकर केविन मैकार्थी द्वारा देश की ऋण सीमा को बढ़ाने के लिए एक समझौते पर पहुंचने के बाद सोमवार को यूरोपीय शेयर बाजारों में मिलाजुला रुख रहा। जर्मनी का DAX और फ्रांस का CAC 40 शुरूआती बढ़त खोकर 0.2 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ, जबकि Stoxx 600 इंडेक्स 0.1 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ।
आज एशियाई बाजारों में मिलाजुला कारोबार देखने को मिल रहा है। SGX NIFTY 27 अंक की बढ़त दिखा रहा है। वहीं, निक्केई करीब 0.24 फीसदी की बढ़त के साथ 31308.46 के आसपास दिख रहा है। वहीं, स्ट्रेट टाइम्स में 0.10 फीसदी की तेजी दिख रही है। ताइवान का बाजार 0.27 फीसदी गिरकर 16,581.94 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। जबकि हैंगसेंग 0.98 फीसदी की कमजोरी के साथ 18392.62 के स्तर पर नजर आ रहा है। वहीं, कोस्पी में 0.75 फीसदी बढ़त के साथ कारोबार हो रहा है। वहीं शंघाई कम्पोजिट 0.72 फीसदी की कमजोरी के साथ 3198.58 के स्तर पर दिख रहा है।
कच्चे तेल की कीमतों में तेजी
तेल की कीमतों में सोमवार को बढ़त देखने को मिली। ब्रेंट क्रूड वायदा 66 सेंट या 0.9 फीसदी चढ़कर 77.61 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। जबकि यूएस वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट क्रूड 75 सेंट या 1 फीसदी बढ़कर 73.42 डॉलर प्रति बैरल पर सेटल हुआ था।
डॉलर इंडेक्स वायदा में 0.05 फीसदी बढ़कर 104.26 पर कारोबार कर रहा है। जबकि एक डॉलर का मूल्य 82.62 रुपये के आसपास नजर आ रहा है।
सोने की कीमतों में सोमवार को गिरावट दर्ज की गई शुक्रवार को हाजिर सोना 0.1 फीसदी गिरकर 1944.09 डॉलर प्रति औंस पर सेटल हुआ था। अमेरिकी सोना वायदा 1943.30 डॉलर पर बंद हुआ था
29 मई को भारतीय बाजारों में विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 1758.16 करोड़ रुपए की खरीदारी की। इस दिन घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 853.57 करोड़ रुपए की खरीदारी की।
NSE पर F&O बैन में आने वाले शेयर
30 मई को NSE पर कोई स्टॉक F&O बैन में नहीं है। बताते चलें कि F&O सेगमेंट में शामिल स्टॉक्स को उस स्थिति में बैन कैटेगरी में डाल दिया जाता है, जिसमें सिक्योरिटीज की पोजीशन उनकी मार्केट वाइड पोजीशन लिमिट से ज्यादा हो जाती है।