साल 2024 को हम पीछे छोड़ चुके हैं। साल 2025 शुरू हो गया है। सेंसेक्स और निफ्टी 1 जनवरी को कमजोर खुले। फिर दोनों हरे निशान में आ गए। जनवरी में ऐसे कई इवेंट्स जो स्टॉक मार्केट्स की दिशा बदल सकते हैं। डोनाल्ड ट्रंप 20 जनवरी को अमेरिका के राष्ट्रपति बन जाएंगे। अमेरिकी सरकार की पॉलिसी करवट लेने जा रही है। तीसरी तिमाही के नतीजों का सीजन शुरू होने जा रहा है। आखिर में, यूनियन बजट 2025 पेश होने की तारीख नजदीक आ रही है।
जनवरी में कैसी रहेगी स्टॉक मार्केट की चाल?
अगर जनवरी की बात की जाए तो यह महीना स्टॉक मार्केट्स के लिए बहुत पॉजिटिव नहीं रहा है। पिछले 10 साल में सात बार जनवरी में स्टॉक्स के प्रमुख सूचकांकों का रिटर्न निगेटिव रहा है। अगर इसे संकेत माना जाए तो इस जनवरी भी स्टॉक मार्केट्स में बुल्स के मुकाबले बेयर्स का पलड़ा भारी रह सकता है। विदेशी निवेशकों (FIIs) की बिकवाली जारी है। अगर इतिहास की बात की जाए तो 2015 से 2024 के बीच FIIs ने छह बार जनवरी में खरीदारी कम और बिकवाली ज्यादा की है।
2025 स्टॉक मार्केट्स के लिए क्यों अच्छा रहेगा?
इनवेस्टर्स को 2025 निराश नहीं करेगा। ट्रंप की पॉलिसी इंडिया के लिए पॉजिटिव हो सकती है। कंपनियों का तीसरी तिमाही में प्रदर्शन बेहतर रह सकता है। सरकार यूनियन बजट 2025 में स्टॉक मार्केट्स का उत्साह बढ़ाने वाले ऐलान कर सकती हैं। तीसरी तिमाही के जीडीपी ग्रोथ के डेटा नई उम्मीद जगा सकते हैं। उधर, RBI में संजय मल्होत्रा मॉनेटरी पॉलिसी को नई दिशा दे सकते हैं। कुल मिलाकर 2025 की पहली तारीख को निगेटिव से ज्यादा पॉजिटिव तस्वीर दिख रही है। आइए नए साल की शुरुआत की खुशियां मनाएं।
वोडाफोन आइडिया के शेयर 31 दिसंबर को 2 फीसदी चढ़कर 7.94 रुपये पर बंद हुए। इसकी वजह सरकार का एक फैसला है। सरकार ने पिछली नीलामी में टेलीकॉम कंपनियों को स्पेक्ट्रम के आवंटन पर बैंक गांरटी से छूट दे दी है। सिटी ने कहा है कि सरकार के इस फैसले से Vodafone Idea को बड़ी राहत मिली है। इसकी वजह यह है कि वोडाफोन आइडिया के बैंकों से नया कर्ज लेने में यह बैंक गारंटी सबसे बड़ी बाधा थी। हाल में नए फंड जुटाने के बावजूद वोडाफोन आइडिया के ग्राहकों की संख्या घट रही है। इसकी बड़ी वजह 5G सेवाएं शुरू करने में हो रही देरी है।
यह भी पढ़ें: Budget 2025: निर्मला सीतारमण करेंगी बड़े ऐलान, बड़े बैंक, पावर, लॉजिस्टिक्स और इंफ्रा कंपनियों के शेयरों को लगेंगे पंख
जिंदल स्टील एंड पावर के शेयर 31 दिसंबर को 1.2 फीसदी चढ़कर 930 रुपये पर बंद हुए। इसकी वजह Nuvama की रिपोर्ट है। ब्रोकरेज फर्म ने Jindal Steel and Power के शेयरों को खरीदने की सलाह दी है। उसने जिंदल स्टील एंड पावर के शेयरों के लिए 1,292 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। कंपनी के पैलेट प्लांट को लेकर गतिरोध दूर हो गया है। इससे स्टील का उत्पादन बढ़ेगा। उत्पादन FY26 में बढ़कर 8.3 मिलिनय टन तक पहुंच जाने की उम्मीद है। एक तरफ कंपनी उत्पादन बढ़ा रही है तो दूसरी तरफ मार्च तिमाही में स्टील की कीमतों में तेजी की उम्मीद है। ऐसे में कंपनी के लिए अच्छी संभावना दिख रही है।