Stocks to Buy: ये 10 स्टॉक्स दे सकते हैं 115% तक का रिटर्न, एक्सपर्ट ने दी खरीदने की सलाह
Stocks to Buy: बाजार में कमजोरी के बावजूद ब्रोकरेज हाउस ने 10 स्टॉक्स पर खरीदारी की सलाह दी है। Urban Company से लेकर Kaynes Technology तक, इन शेयरों में 16% से 115% तक संभावित रिटर्न का अनुमान है। चेक करें पूरी लिस्ट।
Motilal Oswal ने Dixon Technologies के लिए 22,500 रुपये का टारगेट दिया है।
Stocks to Buy: भारतीय शेयर बाजार इस हफ्ते दबाव में रहा। पिछले पांच सत्रों में सेंसेक्स करीब 2.35 प्रतिशत गिरा, जबकि निफ्टी में लगभग 2.26 प्रतिशत की कमजोरी दर्ज की गई। अब अमेरिका और इजरायल के ईरान पर संयुक्त हमला बाजार पर दबाव और बढ़ सकता है। लेकिन, कुछ शेयरों में तगड़ी कमाई के मौके हैं।
Jefferies, Motilal Oswal, Nuvama Institutional Equities, CLSA और JM Financial जैसी ब्रोकरेज फर्मों ने कई शेयरों पर अपनी रिपोर्ट जारी की। इन रिपोर्ट्स के आधार पर अलग-अलग सेक्टरों के 10 शेयरों को ‘Buy’ रेटिंग मिली है। इनमें निवेशकों को 115 प्रतिशत का संभावित रिटर्न मिल सकता है।
Urban Company
JM Financial ने Urban Company के लिए मार्च 2027 तक 125 रुपये का टारगेट दिया है, जो मौजूदा 108 रुपये के स्तर से लगभग 16 प्रतिशत बढ़त का संकेत देता है।
ब्रोकरेज ने कंपनी का वैल्यूएशन करीब 15,800 करोड़ रुपये आंका है। FY25 से FY28 के बीच रेवेन्यू में 31 प्रतिशत CAGR की उम्मीद है। मुनाफा आने में समय लग सकता है, लेकिन स्केल बढ़ने के साथ प्रॉफिटेबिलिटी सुधरने की संभावना जताई गई है।
Infosys
JM Financial ने आईटी कंपनी Infosys पर 1,660 रुपये का 12 महीने का लक्ष्य रखा है। यह मौजूदा कीमत से करीब 19 प्रतिशत की संभावित तेजी दिखाता है।
ब्रोकरेज के मुताबिक AI सेवाओं में 2030 तक 300-400 अरब डॉलर का अवसर है। AI से जुड़ी कमाई अभी कुल रेवेन्यू का 5.5 प्रतिशत है और तेजी से बढ़ रही है। बड़े डील भी मिल रहे हैं।
PhysicsWallah
JM Financial ने एडटेक कंपनी PhysicsWallah के लिए 110 रुपये का टारगेट तय किया है, जिससे शेयर में लगभग 24 प्रतिशत की गुंजाइश बनती है।
ब्रोकरेज को उम्मीद है कि FY25 से FY28 के बीच कंपनी का रेवेन्यू 28 प्रतिशत CAGR से बढ़ेगा। ऑनलाइन सेगमेंट मुख्य ग्रोथ इंजन है और कुल वैल्यूएशन का लगभग 96 प्रतिशत हिस्सा डिजिटल बिजनेस से आता है।
Tata Consultancy Services
CLSA ने Tata Consultancy Services पर 3,593 रुपये का लक्ष्य रखा है। यह मौजूदा स्तर से करीब 33.7 प्रतिशत की संभावित बढ़त को दिखाता है।
ब्रोकरेज के अनुसार SaaS इम्प्लीमेंटेशन डिमांड स्थिर है। ServiceNow की मजबूत ग्रोथ सिस्टम इंटीग्रेटर कंपनियों जैसे TCS को फायदा पहुंचा सकती है।
Muthoot Finance
Jefferies ने Muthoot Finance के लिए 4,750 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। इस हिसाब से लगभग 35 प्रतिशत रिटर्न की संभावना है।
हालिया गिरावट के बाद वैल्यूएशन आकर्षक लग रहा है। ब्रोकरेज का कहना है कि गोल्ड लोन की मांग मजबूत बनी हुई है। FY27 के अनुमानित बुक वैल्यू के 3.2 गुना और अर्निंग के 13 गुना पर स्टॉक उचित दिखता है।
Waaree Energies
Nuvama ने Waaree Energies के लिए 3,867 रुपये का लक्ष्य रखा है। इस शेयर में करीब 43 प्रतिशत तक चढ़ने की संभावना जताई गई है। अमेरिका की 126 प्रतिशत काउंटरवेलिंग ड्यूटी की खबर से चिंता जरूर बढ़ी। लेकिन यह ड्यूटी मॉड्यूल के निर्माण स्थल पर नहीं, बल्कि उसमें इस्तेमाल सोलर सेल के मूल देश पर आधारित है।
कंपनी जिन देशों से सेल लेती है, वहां सिर्फ करीब 10 प्रतिशत टैरिफ लागू है। इसलिए उस पर 126 प्रतिशत का सीधा असर नहीं पड़ेगा। कॉन्ट्रैक्ट में पास-थ्रू क्लॉज भी शामिल हैं। यानी वह बढ़ी लागत का बोझ ग्राहकों पर भी डाल सकती है, जिससे मार्जिन पर असर सीमित रहेगा।
Cyient DLM
Motilal Oswal ने Cyient DLM के लिए 550 रुपये का टारगेट दिया है। यह मौजूदा स्तर से लगभग 68 प्रतिशत की संभावित उछाल का संकेत है।
हाल में कुछ बड़े ऑर्डर पूरे होने से रेवेन्यू में नरमी आई, लेकिन ऑर्डर बुक 2,350 करोड़ रुपये तक बढ़ चुकी है। इंडस्ट्रियल और ऑटोमोटिव सेगमेंट से मांग बढ़ने की उम्मीद है।
Eternal
Jefferies ने जोमैटो और ब्लिंकिट की पेरेंट कंपनी Eternal पर 480 रुपये का लक्ष्य रखा है। इसमें करीब 78 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान लगाया गया है।
हाल में स्टॉक में गिरावट आई है, जिसे ब्रोकरेज बेहतर एंट्री पॉइंट मानता है। फूड डिलीवरी बिजनेस में करीब 20 प्रतिशत ग्रोथ की उम्मीद है। लंबी अवधि में 5-6 प्रतिशत मार्जिन का अनुमान है।
Dixon Technologies
Motilal Oswal ने Dixon Technologies के लिए 22,500 रुपये का टारगेट दिया है। यह लगभग 113 प्रतिशत तक की संभावित तेजी का इशारा करता है।
ब्रोकरेज के मुताबिक कंपनी मोबाइल और प्रीमियम लाइटिंग में नई साझेदारियां कर रही है। कैमरा मॉड्यूल और डिस्प्ले जैसे प्रमुख कंपोनेंट इन-हाउस बनाने की योजना है, जिससे मार्जिन बेहतर हो सकते हैं।
Kaynes Technology
Motilal Oswal ने Kaynes Technology पर 8,200 रुपये का लक्ष्य रखा है। यह 115 प्रतिशत से अधिक संभावित रिटर्न की ओर संकेत करता है।
तमिलनाडु में एडवांस सर्किट बोर्ड प्लांट के लिए सरकारी मंजूरी मिलने से कंपनी की स्थिति मजबूत होगी। 3,700 करोड़ रुपये का यह प्रोजेक्ट आयात पर निर्भरता कम करेगा और मार्जिन सुधार सकता है। इंडस्ट्रियल, ऑटोमोटिव और स्मार्ट मीटर सेगमेंट में विस्तार लंबी अवधि की ग्रोथ को सपोर्ट करेगा।
Disclaimer:मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।