बोनस शेयर के साथ डिविडेंड का भी ऐलान, फिर भी लगातार 6 दिनों से गिर रहा शेयर, 18% लुढ़का भाव

Surya Roshni Shares: स्टील पाइप और एलईडी बल्ब बनाने वाली कंपनी सूर्या रोशनी के शेयर सोमवार 18 नवंबर को 10 फीसदी से अधिक गिर गए। कंपनी के शेयरों में पिछले 6 दिनों से लगातार गिरावट आ रही है। 8 नवंबर के बाद से यह शेयर हर रोज लाल निशान में बंद हो रहा है और इस दौरान अबतक इसमें करीब 17.6 फीसदी की गिरावट आ चुकी है

अपडेटेड Nov 18, 2024 पर 3:32 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Surya Roshni Shares: सितंबर तिमाही में सूर्या रोशनी का प्रदर्शन बाजार के अनुमानों से खराब रहा

Surya Roshni Shares: स्टील पाइप और एलईडी बल्ब बनाने वाली कंपनी सूर्या रोशनी के शेयर सोमवार 18 नवंबर को 10 फीसदी से अधिक गिर गए। कंपनी के शेयरों में पिछले 6 दिनों से लगातार गिरावट आ रही है। 8 नवंबर के बाद से यह शेयर हर रोज लाल निशान में बंद हो रहा है और इस दौरान अबतक इसमें करीब 18 फीसदी की गिरावट आ चुकी है। लगातार बिकवाली के कारण शेयर अपने प्रमुख मूविंग एवरेज से नीचे चला गया है, जो एक बेयरिश मोमेंटम का संकेत है।

एनालिस्ट्स का कहना ​​है कि इस गिरावट के पीछे मुख्य कारण सितंबर तिमाही में कंपनी के खराब नतीजे और शेयर बाजार में आई हालिया अस्थिरता हो सकती है। नतीजों के साथ ही सूर्या रोशनी ने शेयरधारकों को बोनस शेयर के साथ डिविडेंड देने का ऐलान किया था।

सूर्या रोशनी ने 14 नवंबर को बताया कि उसके बोर्ड ने शेयरधारकों को 1:1 के अनुपात में बोनस शेयर जारी करने की मंजूरी दी है। इसके तहत सभी योग्य शेयरधारकों को उनके पास मौजूद हर एक शेयर के बदले एक शेयर मुफ्त दिया जाएगा। कंपनी ने कहा कि बोनस शेयर के लिए रिकॉर्ड डेट का ऐलान वह आने वाले दिनों में करेगी। इसके अलावा कंपनी ने कहा कि सभी योग्य शेयरधारकों को हर शेयर पर 2.5 रुपये का डिविडेंड बांटा जाएगा। डिविडेंड के उद्देश्य से 29 नवबंर 2024 को रिकॉर्ड डेट तय किया गया है।


सितंबर तिमाही में सूर्या रोशनी का प्रदर्शन बाजार के अनुमानों से खराब रहा। सितंबर तिमाही के दौरान कंपनी के रेवेन्यू में सालाना आधार पर 20 फीसदी की गिरावट आई। वहीं EBITDA करीब 40 फीसदी घट गया, जबकि शुद्ध मुनाफे में पिछले साल के मुकाबले करीब 55 फीसदी की गिरावट आई। कंपनी ने इस निराशाजनक प्रदर्शन का कारण HR स्टील की कीमतों में भारी गिरावट को बताया।

दोपहर 2 बजे के करीब, सूर्या रोशनी के शेयर एनएसई पर करीब 10.13 फीसदी की गिरावट के साथ 556 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहा था। इस साल अबतब कंपनी के शेयरों में करीब 30.36 फीसदी की गिरावट आ चुकी है।

यह भी पढ़ें- IT कंपनियों के शेयर धड़ाम, निफ्टी आईटी इंडेक्स 3% टूटा, एक बयान से धड़ाधड़ स्टॉक बेचने लगे निवेशक

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।