Tata Group Stocks: टाटा ग्रुप की दिग्गज एनबीएफसी टाटा कैपिटल के शेयर आज करीब 3% उछल पड़े। इसके शेयरों में यह तेजी ब्रोकरेज फर्म सिटी के बुलिश रुझान पर आई है, जिसने खरीदारी की रेटिंग के साथ इसकी कवरेज शुरू की है। फिलहाल बीएसई पर यह 2.24% की बढ़त के साथ ₹348.65 पर है। इंट्रा-डे में यह 2.96% चढ़कर ₹351.10 तक पहुंच गया था। आगे की बात करें तो इसे कवर करने वाले ओवरऑल 14 एनालिस्ट्स में से 12 ने इसे खरीदारी की रेटिंग दी है और 2 ने होल्ड रेटिंग दी है।
Tata Capital पर सिटी क्यों है बुलिश
ब्रोकरेज फर्म सिटी ने खरीदारी की रेटिंग के साथ टाटा कैपिटल की कवरेज शुरू की ही और टारगेट प्राइस ₹450 फिक्स किया है। यह इसके शेयरों के लिए हाइएस्ट टारगेट हैं जो सिटी के अलावा एंबिट कैपिटल ने भी दिया है। यह इसकी वित्त वर्ष 2028 की अनुमानित बुक वैल्यू के हिसाब से 3.4 गुने पर है यानी 3.4x P/B FY28E। ब्रोकरेज फर्म के मुताबिक लगातार ग्रोथ के साथ बेहतर होते रिटर्न प्रोफाइल से इसे सपोर्ट मिल रहा है।
₹2.9 लाख करोड़ के AUM (एसेट्स अंडर मैनेजमेंट) के साथ य़ह एक बड़े और डाईवर्सिफाइड फाइनेंशियल फ्रेंचाइजी के तौर पर उभरा है, जिसमें तीन अर्निंग वेक्टर्स- रिटेल, एसएमई मिक्स का विस्तार और ऑपरेटिंग एक्सपेंडिचर लेवरेज एक-साथ मिलकर काम कर रहे हैं। ब्रोकरेज फर्म सिटी का कहना है कि टाटा कैपिटल की मुनाफा कमाने की क्षमता, जितनी दिख रही है, उससे बेहतर है। मोटर फाइनेंस को छोड़कर जून तिमाही में RoA यानी रिटर्न ऑफ एसेट्स 2.5% था जबकि रिपोर्ट किया गया आंकड़ा 2.3% था।
सिटी का अनुमान है कि टाटा कैपिटल का एयूएम FY29 तक सालाना 24% की रफ्तार यानी CAGR से बढ़ेगा तो RoA (रिटर्न ऑन एसेट्स) 2.5% और RoE (रिटर्न ऑन इक्विटी) 17%-18% तक पहुंच सकता है। ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि टाटा कैपिटल को कई बातों से सपोर्ट मिल सकता है जैसे कि वित्त वर्ष 2027 की दूसरी छमाही में अधिक रिटर्न देने वाले पोर्टफोलियो में तेजी, योगलोन्स के अधिग्रहण के जरिए गोल्ड लोन में रणनीतिक एंट्री, रिटर्न बढ़ाने के कई उपायों पर काम, ओपेक्स एफिसिएंसी और मोटर फाइनेंस बिजनेस में सुधार।
टाटा कैपिटल के कारोबारी सेहत की बात करें तो इस वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही अप्रैल-जून 2026 में कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 56% बढ़क ₹990 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम भी 23% बढ़कर ₹4,455 करोड़ हो गया तो एयूएम 22% उछलकर ₹2.9 लाख करोड़ पर पहुंच गया।
अब तक कैसी रही शेयरों की चाल?
टाटा कैपिटल के ₹15,512 करोड़ के आईपीओ के तहत निवेशकों को ₹326 के भाव पर शेयर जारी हुए थे। घरेलू मार्केट में इसकी 13 अक्टूबर 2025 को महज 1% प्रीमियम के आस-पास एंट्री हुई थी। इसकी कमजोरी आगे भी बनी रही और 2 जून 2026 को बीएसई पर यह ₹296.05 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया था। हालांकि निचले स्तर पर शेयर संभले और 2 ही महीने में यह 31.73% उछलकर 6 अगस्त 2026 को ₹390.00 के रिकॉर्ड हाई लेवल पर पहुंच गया था।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।