Tata Motors Stocks: टाटा मोटर्स लिमिटेड के शेयरों में गुरुवार 3 अक्टूबर को भी गिरावट जारी रही। कंपनी के शेयर 4 प्रतिशत से अधिक गिरकर 925 रुपये के भाव पर आ गए। इस गिरावट की वजह सितंबर महीने के दौरान कंपनी की कमजोर बिक्री रही। इतना ही नहीं, सितंबर महीने के दौरान कंपनी के शेयरों में 12 प्रतिशत की भारी गिरावट भी आई है। टाटा मोटर्स ने बताया कि सितंबर महीने के दौरान घरेलू बाजार में उसकी बिक्री घटकर 69,694 यूनिट्स रही है, जो पिछले साल इसी महीने में 82,023 यूनिट्स रही था। हालांकि मंथली आधार पर कंपनी की बिक्री में 0.4 फीसदी की बढ़ोतरी देखी गई।
कंपनी ने इस गिरावट के पीछे कमजोर कंज्यूमर डिमांड और सीजनल पहलुओं को जिम्मेदारी ठहराया। वहीं हैवी कमर्शियल व्हीकल (HCV) की कमजोर बिक्री के पीछे उसने माइनिंग गतिविधियों में कमी और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट के एग्जिक्यूशन में सुस्ती को जिम्मेदार बताया।
इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में टाटा मोटर्स की बिक्री सितंबर तिमाही में 4,680 यूनिट्स रही, जो एक साल पहले इसी महीने में हुई 6,050 यूनिट्स की बिक्री से काफी कम है। यह सालाना आधार पर 23 प्रतिशत की कमी और अगस्त महीने के मुकाले 21 प्रतिशत की गिरावट को दिखाता है। कंपनी ने कहा कि कई प्रमुख राज्यों में रजिस्ट्रेशन, रोड टैक्स छूट की समाप्ति और FAME-II से जुड़े लाभ खत्म होने के चलते इलेक्ट्रिक व्हीकल की प्रभावित हुई।
टाटा मोटर्स के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर गिरीश वाघ ने बताया कि वित्त वर्ष 2025 की दूसरी तिमाही में कंपनी की कमर्शियल वाहनों की घरेलू बिक्री 79,931 यूनिट्स रही, जो वित्त वर्ष 2024 की दूसरी तिमाही की तुलना में 19 प्रतिशत कम है। हालांकि सितंबर 2024 की बिक्री अगस्त के मुकाबले 11 प्रतिशत अधिक थी। वाघ ने कहा कि भारी बारिश के चलते सितंबर तिमाही के दौरान HCV की बिक्री में सालाना आधार पर 25 प्रतिशत की गिरावट आई, साथ ही ILMCV सेगमेंट में 11 प्रतिशत की गिरावट आई।
इन चुनौतियों के बावजूद, वित्त वर्ष 2025 की दूसरी तिमाही के दौरान पैसेंजर कमर्शियल वाहनों के कारोबार में सालाना आधार पर 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई। हालांकि वाघ ने उम्मीद जताई कि फेस्टिव सीजन के नजदीक आने, इंफ्रा पर खर्च बढ़ने और मौसम की स्थिति में सुधार के साथ मांग धीरे-धीरे ठीक हो जाएगी।
NSE पर दोपहर 3 बजे के करीब, टाटा मोटर्स के शेयर 4.13 फीसदी की गिरावट के साथ 925.30 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। इस साल अबतक कंपनी के शेयरों में करीब 17 फीसदी की तेजी आई है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।