टाटा ग्रुप (Tata Group) की पावर कंपनी टाटा पावर (Tata Power) के शेयरों में आज जमकर खरीदारी हुई। एक बड़ी ब्लॉक डील के चलते इसके शेयर आज इंट्रा-डे में बीएसई पर करीब 5 फीसदी उछल गए। मुनाफावसूली के चलते भाव में नरमी आई। हालांकि अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। टाटा पावर के शेयर इंट्रा-डे में आज 4.89 फीसदी के उछाल के साथ 276.50 रुपये की ऊंचाई तक पहुंच गए थे जो इसके शेयरों का एक साल का हाई लेवल है। इसके बाद मुनाफावसूली के चलते दिन के आखिरी में यह थोड़ा नरम होकर बीएसई पर 2.01 फीसदी की बढ़त के साथ 268.90 रुपये के भाव (Tata Power Share Price) पर बंद हुआ। इसका फुल मार्केट कैप 86,146.35 करोड़ रुपये है।
