टाटा ग्रुप की टाटा टेक्नोलोजिज के शेयरों में 2 जुलाई को 6 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी रही। BSE पर शेयर 712.30 रुपये पर बंद हुआ। दिन में कीमत 728.90 रुपये के हाई तक गई। दरअसल कंपनी ने ऑटोमोटिव पार्ट्स बनाने वाली कंपनी टेनेको LLC के साथ अपनी पार्टनरशिप बढ़ाने का ऐलान किया है। उम्मीद है कि टेनेको अगले 5 सालों में इस साझेदारी में 10 करोड़ अमेरिकी डॉलर का निवेश करेगी।
टाटा टेक्नोलोजिज ने एक बयान में कहा कि दोनों पार्टनर्स ने टेक्निकल एक्सीलेंस, डिजिटल इनोवेशन और लॉन्ग टर्म ग्रोथ को आगे बढ़ाने के अपने कमिटमेंट को फिर से दोहराया। टाटा टेक और टेनेको के बीच पार्टनरशिप की शुरुआत साल 2021 में हुई थी।
बयान के अनुसार, पुणे में टाटा टेक के ग्लोबल इंजीनियरिंग सेंटर के नेतृत्व में यह साझेदारी इंजीनियरिंग एक्सपर्टाइज, डिजिटल टेक्नोलोजिज और AI-इनेबल्ड क्षमताओं को एक साथ लाती है। इसका मकसद प्रोडक्ट डेवलपमेंट में तेजी लाना, परफॉर्मेंस को बेहतर बनाना और टेनेको के ग्लोबल ऑपरेशंस में लगातार वैल्यू देना है।टेनेको के चीफ एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर जॉन बैग्रोस्की का कहना है कि इस पार्टनरशिप को बढ़ाकर हम जरूरी क्षमताओं, स्केल और काम करने की गति को मजबूत कर रहे हैं।
ऐसा इसलिए ताकि कस्टमर्स को सपोर्ट किया जा सके, मार्केट की बदलती जरूरतों को पूरा किया जा सके और अपने ग्लोबल बिजनेस में लंबे वक्त तक बेहतर वैल्यू दी जा सके। टाटा टेक के CEO और मैनेजिंग डायरेक्टर वॉरेन हैरिस का कहना है कि यह बढ़ा हुआ सहयोग हमारे साझा कमिटमेंट की मजबूती को दिखाता है।
Tata Tech का शेयर 3 महीनों में 30 प्रतिशत मजबूत
Tata Technologies का मार्केट कैप 29000 करोड़ रुपये के करीब है। शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। शेयर BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर की कीमत 3 महीनों में 30 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ी है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 55.18 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। टाटा टेक नवंबर 2023 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी। इसका IPO 3,042.51 करोड़ रुपये का था।
मई महीने में शेयर के लिए ब्रोकरेज प्रभुदास लीलाधर ने 'होल्ड' रेटिंग के साथ 560 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया था। हाल ही में जेपी मॉर्गन ने रेटिंग को 'न्यूट्रल' से घटाकर 'अंडरवेट' और टारगेट प्राइस को 560 रुपये से घटाकर 540 रुपये प्रति शेयर कर दिया। जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में टाटा टेक का स्टैंडअलोन रेवेन्यू 829.52 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 159.13 करोड़ रुपये रहा।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।