इलेक्ट्रिक टूव्हीलर मेकर ओला इलेक्ट्रिक के लिए अप्रैल-जून तिमाही काफी अच्छी रही। कंपनी के व्हीकल्स का रजिस्ट्रेशन बेहतर खुदरा बिक्री, प्रोडक्ट्स की उपलब्धता और मजबूत मांग के दम पर लगभग दोगुना होकर 43,719 यूनिट हो गया। पिछली तिमाही यानि कि जनवरी-मार्च 2026 में यह 22,252 यूनिट था। एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक, कंपनी ने जून में 16,144 टूव्हीलर्स का रजिस्ट्रेशन कराया, जो हाल की तिमाहियों में उसके मंथली रजिस्ट्रेशन का सर्वाधिक आंकड़ा है।
ओला इलेक्ट्रिक के एक प्रवक्ता का कहना है कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) हमारी वृद्धि यात्रा में महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुई। इस दौरान व्हीकल रजिस्ट्रेशन तिमाही आधार पर लगभग दोगुना हुआ और जून में 16,144 व्हीकल्स रजिस्टर हुए। यह लगातार बनी रफ्तार हमारे ऑपरेशंस में सुधार, मजबूत उत्पाद खंड और ग्राहकों की ओर से ओला इलेक्ट्रिक को मिल रही निरंतर प्राथमिकता का परिणाम है।
कंपनी ने उम्मीद जताई है कि भारत में इलेक्ट्रिक टूव्हीलर्स मार्केट लगातार बढ़ने के साथ उसकी यह रफ्तार भी बनी रहेगी। भारत का इलेक्ट्रिक टूव्हीलर मार्केट लगातार मजबूत संरचनात्मक वृद्धि दर्ज कर रहा है।
पॉजिटिव अपडेट के बावजूद Ola Electric का शेयर टूटा
इस पॉजिटिव अपडेट के बावजूद 2 जुलाई को ओला इलेक्ट्रिक के शेयर में गिरावट है। दिन में शेयर की कीमत पिछले बंद भाव से 2 प्रतिशत तक लुढ़की और BSE पर 44.14 रुपये के लो तक गई। कंपनी का मार्केट कैप 20400 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। शेयर BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है। 3 महीनों में शेयर लगभग 56 प्रतिशत उछला है।
ओला इलेक्ट्रिक अगस्त 2024 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी। इसका IPO 6145.56 करोड़ रुपये का रहा था। जनवरी-मार्च 2026 तिमाही के दौरान कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड घाटा सालाना आधार पर 42.5 प्रतिशत गिरकर 500 करोड़ रुपये रह गया। एक साल पहले घाटा 870 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर लगभग 91 प्रतिशत की गिरावट के साथ 56.6 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। मार्च 2025 तिमाही में यह 611 करोड़ रुपये था। खर्च कम होकर 546 करोड़ रुपये के रहे, जो मार्च 2025 तिमाही में 1306 करोड़ रुपये के थे।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।