Tech Mahindra Share Price: आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी टेक महिंद्रा के शेयर आज जोरदार खरीदारी के चलते 13 फीसदी उछल गए। इसके शेयरों में यह खरीदारी कंपनी के तीन साल के रोडमैप के चलते है जिसके जरिए कंपनी का सुस्त कारोबार रफ्तार पकड़ सकता है। कंपनी के सीईओ और एमडी मोहित जोशी ने 25 अप्रैल को यह रोडमैप पेश किया। इसका लक्ष्य वित्त वर्ष 2027 तक मार्जिन को बेहतर करने और पियर्स के मुकाबले बेहतर रेवेन्यू ग्रोथ हासिल करने का है। इसके चलते शेयर BSE पर 13 फीसदी उछलकर 1344.95 रुपये के भाव तक पहुंच गए। मुनाफावसूली के चलते भाव में नरमी आई है लेकिन अभी भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। आज बीएसई पर यह 7.34 फीसदी की बढ़त के साथ 1277.45 रुपये के भाव पर बंद हुआ है।
