शानदार नतीजे के दम पर इस बैंक के शेयरों में बढ़ी खरीदारी, तीन दिन में 52% की उछाल, एक्सपर्ट्स अभी भी देख रहे दम

निजी सेक्टर के दिग्गज बैंक कर्नाटक बैंक (Karnataka Bank) के शेयर आज करीब 19 फीसदी की तेजी के साथ फरवरी 2018 के बाद सबसे ऊंचे लेवल पर पहुंच गए

अपडेटेड Nov 04, 2022 पर 3:32 PM
सितंबर 2022 तिमाही में Karnataka Bank को 412 करोड़ रुपये का मुनाफा हासिल हुआ जो अब तक किसी भी तिमाही के लिए रिकॉर्ड है।
     
     
    live
    Volume
    Todays L/H
    Details

    निजी सेक्टर के दिग्गज बैंक कर्नाटक बैंक (Karnataka Bank) के शेयर आज करीब 19 फीसदी की तेजी के साथ फरवरी 2018 के बाद सबसे ऊंचे लेवल पर पहुंच गए। बीएसई पर इंट्रा-डे में आज 4 नवंबर को यह 143 रुपये के भाव (Karnataka Bank Share Price) पर पहुंच गया। पिछले तीन दिनों में यह करीब 52 फीसदी मजबूत हुआ है और मार्केट एनालिस्ट्स के मुताबिक अभी इसमें 13 फीसदी की तेजी और आ सकती है।

    सितंबर 2022 तिमाही में बैंक को रिकॉर्ड तिमाही नेट प्रॉफिट हासिल हुआ जिसके चलते निवेशकों का सेंटिमेंट मजबूत हुआ है। जुलाई-सितंबर 2022 में बैंक का मुनाफा सालाना आधार पर 228 फीसदी की उछाल के साथ 411 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। बैंक के मुताबिक अर्निंग्स में सुधार, एसेट क्वालिटी में सुधार, एडवांसेज की हेल्दी ग्रोथ, लागत पर नियंत्रण और एफिशिएंसी में तेजी इत्यादि के चलते नेट प्रॉफिट में उछाल दिखी।

    IPO News: अगले हफ्ते खुलेंगे तीन कंपनियों के आईपीओ, 4280 करोड़ रुपये के इश्यूज की चेक करें डिटेल्स


    एक्सपर्ट्स को आगे भी तेजी का दिख रहा रूझान

    ब्रोकरेज फर्म एक्सिस डायरेक्ट (Axis Direct) का कहना है कि दूसरी तिमाही में बैंक का प्रदर्शन सभी मोर्चे पर उम्मीद के मुकाबले बहुत बेहतर रहा। सितंबर 2022 तिमाही में बैंक को रिकॉर्ड मुनाफा हासिल हुआ और किसी वित्त वर्ष की पहली छमाही में भी अब तक का सबसे तगड़ा मुनाफा हासिल हुआ।

    बैंक का ओवरऑल लोन में 15 फीसदी की ग्रोथ का अनुमान है, एसेट क्वालिटी बेहतर हो रही है और मैनेजमेंट ने ग्रॉस और नेट एनपीए और स्लिपेज में आगे भी सुधार की उम्मीद जताई है। इन सबके चलते एक्सिस डायरेक्ट ने इसकी रेटिंग को अपग्रेड कर होल्ड से Buy कर दिया। इसका टारगेट प्राइस (Karnataka Bank Share Price) 156 रुपये फिक्स किया है जो मौजूदा भाव से 13 फीसदी अपसाइड है।

    Vedanta Share Price: जानिए किस लेवल पर करें खरीदारी

    Karnataka Bank के नतीजे की खास बातें

    सितंबर 2022 तिमाही में बैंक को 412 करोड़ रुपये का मुनाफा हासिल हुआ जो अब तक किसी भी तिमाही के लिए रिकॉर्ड है। इसके अलावा अप्रैल-सितंबर 2022 में बैंक को 526 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट मिला जो किसी भी वित्त वर्ष की पहली छमाही में सबसे अधिक रहा।

    सितंबर 2022 तिमाही में बैंक को ब्याज से 803 करोड़ रुपये की नेट इनकम हुई जो सालाना आधार पर 26 फीसदी अधिक रहा। नेट इंटेरेस्ट मार्जिन सालाना आधार पर 3.15 फीसदी से सुधरकर 3.56 फीसदी पर पहुंच गया।

    बैंक के एसेट क्वालिटी में सुधार हुआ। इसका ग्रॉस एनपीए रेश्यो तिमाही आधार पर 0.67 फीसदी की गिरावट के साथ सितंबर तिमाही के आखिरी में 3.36 फीसदी पर पहुंच गया। तिमाही आधार पर नेट एनपीए भी 0.44 फीसदी गिरकर 1.72 फीसदी पर पहुंच गया। एक साल पहले सितंबर तिमाही के आखिरी में ग्रॉस एनपीए 4.52 फीसदी और नेट एनपीए 2.85 फीसदी पर था।

    डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

    हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।