Top Gainers This Week: भारतीय शेयर बाजारों के लिए यह कारोबारी हफ्ता (26 से 30 अगस्त) शानदार रहा। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों इस हफ्ते 1.6 फीसदी की मजबूत बढ़त के साथ बंद हुए। दोनों इंडेक्सों ने इस हफ्ते अपना नया उच्चतम स्तर छुआ। निफ्टी तो पिछले 12 दिनों से हरे निशान में बंद हो रहा है, जो इसके इतिहास की अबतक की सबसे लंबी तेजी है। साथ ही यह पिछले 2 महीने में इसका सबसे बड़ा वीकली गेन था। आईटी, फार्मा और रियल्टी इंडेक्स इस हफ्ते 3 से 4 फीसदी चढ़कर बंद हुए हैं। इस बीच आइए उन 5 शेयरों पर एक नजर डालते हैं, जिनमें इस कारोबारी हफ्ते के दौरान सबसे अधिक उछाल दर्ज की गई।
1. गौरा लीजिंग (Gowra Leasing)
यह इस हफ्ते का सबसे अधिक रिटर्न देने वाला शेयर है। बस पिछले 5 दिनों में इसने अपने निवेशकों को 64.55 फीसदी का बंपर मुनाफा कराया है। यह एक बेहद छोटी NBFC कंपनी है, जिसका मार्केट कैप 20.25 करोड़ रुपये है। शु्क्रवार 30 अगस्त को इसके शेयर 10 पर्सेंट की अपनी अपर सर्किट सीमा को छूकर 67.48 रुपये के भाव पर बंद हुआ।
इस शेयर ने पिछले 5 दिनों में अपने निवेशकों को 61.76 फीसदी का धांसू रिटर्न दिया है। यह कंपनी पेपर एंड पेपर प्रोडक्ट्स बनाने के कारोबार में है। यह एक बेहद छोटी कंपनी है, जिसका मार्केट कैप करीब 9.55 करोड़ रुपये है। शु्क्रवार 30 अगस्त को इसके शेयरों में 5 फीसदी का अपर सर्किट लगा और यह 18.91 रुपये के भाव पर बंद हुआ।
3. प्रो फिन कैपिटल सर्विसेज (Pro Fin Capital Services)
इस शेयर ने पिछले 5 दिनों में अपने निवेशकों को 54.81 फीसदी का तगड़ा रिटर्न दिया है। शु्क्रवार 30 अगस्त को इसके शेयर बीएसई पर 7.33 फीसदी की उछाल के साथ 1.61 रुपये के भाव पर बंद हुआ। यह एक डायवर्सिफाइड कमर्शियल कंपनी है, जो फाइनेंशियल सेक्टर और कैपिटल मार्केट से जुड़ी सेवाएं देती है। इसका मार्केट कैप फिलहाल 34.13 करोड़ रुपये है।
4. जैनेक्स आमकोल (Jainex Aamcol)
इस शेयर ने पिछले 5 दिनों में अपने निवेशकों को 51.85 फीसदी का दमदार रिटर्न दिया है। यह भी एक बेहद छोटी कंपनी है, जिसका मार्केट कैप फिलहाल 37.38 करोड़ रुपये है। यह ऑटो कंपोनेंट्स और इक्विपमेंट्स के फील्ड में कारोबार करती है। शु्क्रवार 30 अगस्त को इसके शेयर 20 पर्सेंट की अपनी अपर सर्किट सीमा को छूकर 249.80 रुपये के भाव पर बंद हुआ।
5. समोर रियलिटी (Samor Reality)
इस शेयर ने पिछले 5 दिनों में अपने निवेशकों को 48.01 फीसदी का शानदार रिटर्न दिया है। यह एक रियल एस्टेट कंपनी है, जो रेजिडेंशियल और कमर्शियल प्रोजेक्ट्स से जुड़े काम करती है। इसका मौजूदा मार्केट कैप फिलहाल 243.06 करोड़ रुपये है। शु्क्रवार 30 अगस्त को इसके शेयर बीएसई पर 7.84 पर्सेंट की गिरावट के साथ 114 रुपये के भाव पर बंद हुआ।