24 जनवरी के कारोबार में बाजार ने खुलने के बाद पिछले दिन की बढ़त को आगे ले जाने की कोशिश की और निफ्टी ने 18200 का हाई भी हिट किया। इसके बाद ऊपरी स्तरों से आई मुनाफा वसूली ने बाजार की ऊपर बढ़ने की कोशिश पर पानी फेर दिया। कारोबार को अंत में निफ्टी 18100 या अपने 50 DEMA के पास सपोर्ट लेते हुए सपाट बंद हुआ। बुधवार को होने वाले मंथली डेरीवेटिव्स की एक्सपायरी के पहले बाजार कल सतर्क नजर आया।
सेंसेक्स कल 37 अंकों की बढ़त के साथ 60979 को स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 0.20 अंक की गिरावट के साथ 18118.30 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी ने कल ओपनिंग से नीचे की क्लोजिंग देते हुए डेली चार्ट पर एक बियरिश कैंडल बनाया था। इसके अलावा निफ्टी लगातार दूसरे दिन हायर हाई हायर लो फॉर्मेशन बनाता दिखा था।
दिग्गजों की करह ही कल छोटे-मझोले शेयरों पर भी दबाव देखने को मिला था। निफ्टी मिड और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.4 फीसदी कमजोरी के साथ बंद हुए थे। कल के कारोबार में पूनावाला फिनकॉर्प, एलएंडटी टेक और टाटा मोटर्स में जोरदार तेजी देखने को मिली थी। टाटा मोटर्स फ्यूचर्स एंड ऑप्शन सेगमेंट का दूसरा सबसे बड़ा गेनर रहा था। कल ये शेयर 3 फीसदी की बढ़त के साथ 422 रुपए के स्तर पर बंद हुआ था। टाटा मोटर्स ने कल 6 दिसंबर 2022 के बाद की हाइएस्ट क्लोजिंग दी थी। साथ ही इसने डेली चार्ट पर मजबूत वॉल्यूम के साथ एक लॉन्ग बुलिश कैंडल बनाया था।
पूनावाला फिनकॉर्प भी 4 फीसदी की जोरदार तेजी के साथ 302.40 रुपए के स्तर पर बंद हुआ था। कल इस स्टॉक ने डेली चार्ट पर लॉन्ग अपर शैडो के साथ एक छोटा बुलिश कैंडल बनाया था जो ऊपरी स्तरों पर आई मुनाफावसूली का संकेत है। कल इस शेयर में वॉल्यूम भी जोरदार रहा था।
एलएंडटी टेक में भी कल अच्छी तेजी रही थी। ये स्टॉक 3 फीसदी की बढ़त के साथ 3426 के स्तर पर बंद हुआ था। डेली चार्ट पर इसने अपर शैडो को साथ एक बुलिश कैंडल बनाया था। इस स्टॉक में कल वॉल्यूम भी काफी ज्यादा रहा था।
आइए जानते हैं कि अब इन शेयरों पर क्या है प्रभुदास लीलाधर की वैशाली पारेख की ट्रेडिंग रणनीति
टाटा मोटर्स (Tata Motors): में अभी और तेजी आने की संभावना है। इस स्टॉक में 475 रुपए के लक्ष्य के लिए, 395 रुपए के स्टॉपलॉस के साथ खरादारी करें।
पूनावाला फिनकॉर्प (Poonawalla Fincorp):ये स्टॉक अपने कंसोलीडेशन रेंज से बाहर आता दिखा है। RSI भी इस स्टॉक में तेजी आने के संकेत दे रहा है। इस स्टॉक में 340 रुपए के लक्ष्य के लिए 287 रुपए के स्टॉपलॉस के साथ खरीदारी की सलाह है।
एलएंडटी टेक (L&T Technology Services): तेज गिरावट के बाद अब ये स्टॉक 3220 रुपए के जोन के करीब बॉटम बना कर फिर से रिकवर होता दिख रहा है। अब शेयर में ट्रेंड बदलने और तेजी आने के संकेत दिख रहे हैं। इस समय स्टॉक का रिस्क रिवॉर्ड भी अच्छा दिख रहा है। इस स्टॉक में भी 3220 रुपए के स्टॉपलॉस के साथ, 3850 रुपए के लक्ष्य के लिए खरीदारी की सलाह है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।